भारत की सबसे बड़ी स्क्रिप्ट कॉन्टेस्ट का पहला इनाम अमेरिका की राइटर को, आमिर ने किया एलान
भारत के तथाकथित सबसे बड़े स्क्रिप्ट कॉन्टेस्ट इंडियाज स्टोरीटेलर्स स्क्रिप्ट कॉन्टेस्ट के दूसरे संस्करण के विजेताओं की घोषणा शनिवार को इसकी जूरी ने अपने अपने घरों पर रहते हुए की। इस प्रतियोगिता के विजेताओं को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है।
जानकारी के मुताबिक इस साल कैलिफोर्निया, यूएसए की सेजल पचीसिया ने 25 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार जीता। उनकी स्टोरी ‘ऑन द बाउंड्री’ को सभी जूरी सदस्यों ने एकमत से पसंद किया। दिगंत पाटिल ने कहानी ‘गिल्ट’ के लिए दूसरा पुरस्कार जबकि सौमिल शुक्ला ने ‘लाख मावला’ के लिए तीसरा पुरस्कार जीता। अनुभव चोपड़ा ने कहानी ‘फुर्र’ के लिए चौथा पुरस्कार और नीता स्याम ने अपनी कहानी 'फुटप्रिंट्स ऑन वॉटर' के लिए पाँचवाँ पुरस्कार जीता।
विजेताओं के अनाउंसमेंट वीडियो में आमिर खान ने इस बात पर अफसोस जाहिर किया कि कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन के कारण पुरस्कारों की घोषणा किसी इवेंट में नहीं की जा सकी। उन्होंने यह भी कहा 'जो लोग टॉप 5 में नहीं आ सके, उन्हें हतोत्साहित नहीं होना चाहिए। सही मायने में, पटकथा लेखकों को और अधिक उत्साह के साथ लिखना जारी रखना चाहिए, खासकर लॉकडाउन के दौरान। हर फिल्म निर्माता को अच्छी स्क्रिप्ट की जरूरत होती है।'
जूरी में शामिल निर्देशक राजू हिरानी ने विजेताओं को शुभ कामनाएं देते हुए कहा, ' मुझे खुशी है कि पटकथा लेखकों को प्रेरित करने और देश के सभी हिस्सों से अपनी स्क्रिप्ट भेजने के लिए उन्हें एक मंच देने के जिस उद्देश्य के साथ यह प्रतियोगिता शुरू की गई थी, धीरे-धीरे और लगातार हम अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। इस साल की स्क्रिप्ट्स पिछले साल की तुलना में बेहतर रही हैं।'