EXCLUSIVE: शूबाइट के बाद अब बिग बी की ये फिल्म भी संकट में, निर्माताओं ने इसलिए हाशिये पर डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछली सदी के महानायक रहे अभिनेता अमिताभ बच्चन की एक और फिल्म हाशिये पर चली गई है। भारत सरकार से पिछले हफ्ते ही सिनेमा का सबसे बड़ा राष्ट्रीय सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार पाने वाले अमिताभ बच्चन की ये फिल्म है झुंड, जो पिछले महीने 13 दिसंबर को रिलीज होने वाली थी।
अमर उजाला को विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि फिल्म के निर्माताओं ने अब इस फिल्म को हाशिये पर डाल दिया है और अगले तीन महीने तक इस फिल्म को रिलीज करने की किसी भी योजना पर फिलहाल काम भी नहीं चल रहा है।
हाल ही में अमिताभ बच्चन ने अपनी एक फिल्म शूबाइट को लेकर ट्विटर पर अपना दर्द उड़ेला था। इस ट्वीट में अमिताभ बच्चन ने फिल्म को बनाने वाली कंपनी से लेकर इस कंपनी को खरीदने वाली कंपनियों से गुहार लगाई कि शूजीत सरकार निर्देशित ये फिल्म जिस किसी के भी पास हो, वे उसे अमिताभ को दे दें ताकि इसे कायदे से रिलीज किया जा सके। इस गुहार पर किसी भी फिल्म निर्माण कंपनी ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और अब अमिताभ की एक और फिल्म की रिलीज को लेकर संकट खड़ा हो गया है।
मराठी की अब तक की सबसे बड़ी हिट फिल्म सैराट बनाने वाले निर्देशक नागराज मंजुले ने अमिताभ बच्चन को लेकर ये स्पोर्ट्स फिल्म झुंड बनाई है। फिल्म में अमिताभ बच्चन ऐसे फुटबॉल कोच की भूमिका निभा रहे हैं जो गली मोहल्ले के बच्चों की फुटबॉल टीम को वर्ल्ड चैंपियन बना देते हैं।
महाराष्ट्र के एक मशहूर कोच की जिंदगी से प्रेरित इस फिल्म को लेकर बीच में कानूनी दांव पेंच भी शुरू होने की बात सामने आई है। मंजुले की फिल्म सैराट पर ही निर्माता करण जौहर ने ईशान खट्टर और जान्हवी कपूर को लेकर पिछले साल फिल्म धड़क बनाई थी।
झुंड की पहली झलक पिछले साल ही 19 फरवरी को फिल्म के निर्माताओं ने जारी की थी, तब बताया गया था कि ये फिल्म 20 सितंबर 2019 को रिलीज होगी। इसके बाद फिल्म की रिलीज डेट 13 दिसंबर 2019 रखी गई लेकिन इस तारीख को भी फिल्म रिलीज नहीं हो सका।
इस बारे में अमर उजाला को सूत्रों से पता चला है कि साल 2020 के पहले तीन महीने में फिल्म झुंड के लिए कोई सोलो रिलीज तारीख नहीं मिल पा रही है। लगातार रिलीज हो रही बड़ी फिल्मों को देखते हुए इसके निर्माताओं ने फिल्म को हाशिये पर डाल दिया है और अब इसके होली से पहले रिलीज होने की कोई संभावना नहीं है।
पढ़ें: अमिताभ को तलाश है अपनी खोई हुई फिल्म की, 'शूबाइट' के लिए सोशल मीडिया पर लगाई गुहार