देखिए उन्हें जो कह रहे हैं, "तो आप सबसे बस एक है विनती, अब तो कर लो इंसानों में हमारी गिनती..."
ऐसे हम अभागे, भूख हमें भी लगती है,
हम भी हैं इंसान, मर हम भी रहे हैं,
अब तो लो हमें पहचान,
तो आप सबसे बस एक है विनती,
अब तो कर लो इंसानों में हमारी गिनती...
कोई ये कह रहा है, आपसे, हमसे। उन सबसे जो लोगों की मदद में लगे हैं। कभी चुपचाप तो कभी कैमरों के सामने। ये बातें उन सबसे भी हैं जो अब तक किसी की मदद नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि उनके अपने ही मदद के तलबगार हैं। ये संदेश हैं निर्देशक अमित शर्मा की अनोखी शॉर्ट फिल्म का, जिसके संवेदनशील चित्र आपको भीतर तक हिला देंगे। फिल्म कितनी सशक्त है, उसका अंदाजा इसी बात से लगता है कि इसे अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर साझा किया है।
वर्तमान समय में पूरी दुनिया कोरोना वायरस से फैली महामारी की चपेट में है। जहां एक तरफ फिल्मी हस्तियां पलायन करने वाले प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने और उन्हें खाना खिलाने के लिए आगे आ रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर फिल्मी दुनिया से जुड़े कुछ लोग ऐसे भी हैं जो एलजीबीटी समुदाय के साथ-साथ सेक्स वर्करों और एचआईवी से संक्रमित लोगों की मदद करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। अमिताभ बच्चन ने संकट की इस घड़ी में ऐसे लोगों की मदद करने वाले अमित शर्मा जैसे लोगों को सलाम किया है।
अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अमित शर्मा की की इस शॉर्ट फिल्म को साझा करते हुए अमित शर्मा और उनकी टीम को बधाई दी। साथ ही उन्होंने लोगों से गुजारिश की कि एलजीबीटी समुदाय, सेक्स वर्करों और एचआईवी से पीड़ित लोगों की मदद के लिए वह आगे आएं। भारत की लगभग सवा अरब की आबादी में 20 लाख के आसपास एलजीबीटी समुदाय के लोगों की संख्या है। अमित शर्मा ने अपने शॉर्ट फिल्म के जरिए लोगों को यह संदेश दिया है कि एलजीबीटी समुदाय के अंतर्गत आने वाले लोगों की गिनती भी इंसानों में की जाए। अमित फिलहाल अजय देवगन के साथ आने वाली फिल्म 'मैदान' की शूटिंग फिर से शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं।
A post shared by Amitabh Bachchan (@amitabhbachchan) on
पढ़ें: महाराष्ट्र सरकार के निर्देश से बॉलीवुड में खलबली, इफ्टडा की बुजुर्ग कलाकारों को अनुमति देने की मांग