‘शादी मेरी योजना का हिस्सा’, धनुष से अफेयर की खबरों के बीच मृणाल का बड़ा बयान; पार्टनर को लेकर कही ये बात
Mrunal Thakur On Marriage: मृणाल ठाकुर पिछले कुछ वक्त से अपनी शादी की खबरों और धनुष के साथ अफेयर को लेकर चर्चाओं में हैं। अब एक्ट्रेस ने शादी को लेकर अपनी योजना पर बात की है। जानिए उन्होंने क्या कहा…
विस्तार
मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ अपनी शादी की खबरों को लेकर भी लगातार चर्चाओं में बनी हुई हैं। पिछले कुछ वक्त से उनका नाम धनुष के साथ जोड़ा जा रहा है। हालांकि, शादी की खबरों पर मृणाल इनकार कर चुकी हैं। जबकि धनुष के साथ रिश्ते पर भी दोनों स्टार्स में से किसी ने भी खुलकर कुछ नहीं कहा है। अब मृणाल का कहना है कि वो शादी की योजना बना चुकी हैं।
सही समय और सही जीवनसाथी का इंतजार
पीटीआई के साथ बातचीत में मृणाल ने कहा है कि शादी निश्चित रूप से उनकी योजनाओं का हिस्सा है, लेकिन तभी जब समय और जीवनसाथी सही लगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने जीवन में सही साथी के आने का इंतजार कर रही हैं। उनकी यह टिप्पणी अभिनेता धनुष के साथ उनके रोमांटिक संबंधों की अफवाहों को खारिज करने के कुछ ही समय बाद आई है। अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात करते हुए मृणाल ने कहा कि वह एक दिन शादी करना चाहती हैं। जब सही दिन और सही जीवनसाथी मिलेगा, तो मैं खुद सोशल मीडिया पर इस खबर की घोषणा करूंगी।
शादी को लेकर बदले लोगों के विचार
अभिनेत्री का मानना है कि समय के साथ लोगों का शादी को लेकर विचार भी काफी बदल गया है। एक्ट्रेस ने कहा कि आज लोग सामाजिक अपेक्षाओं या दबाव के बजाय सच्चे जुड़ाव के कारण शादी का चुनाव करते हैं। पहले शादी के पीछे अलग-अलग कारण हो सकते थे, लेकिन अब यह सही व्यक्ति के साथ रहने की इच्छा के बारे में है।
पिछले साल से चल रहीं धनुष-मृणाल के अफेयर की खबरें
पिछले कुछ वक्त से मृणाल और धनुष के अफेयर की खबरें सुर्खियां बटोर रही हैं। पिछले दिनों तो ये भी खबरें आई थीं कि मृणाल और धनुष 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके पर ही शादी भी कर सकते हैं। हालांकि, इन खबरों को मृणाल ने यह कहते हुए खारिज किया था, ‘शादी की तारीख तक आ गई और मुझे इनवाइट भी नहीं किया गया।’
हालांकि, मृणाल और धनुष के रिश्ते की आधिकारिक तौर पर पुष्टि कभी नहीं हुई, लेकिन पिछले साल उनकी फिल्म 'तेरे इश्क में' की रैप पार्टी में शामिल होने के बाद अटकलें शुरू हो गईं। बाद में 'सन ऑफ सरदार 2' के प्रीमियर पर उनके धनुष को गले लगाने के वीडियो ने अफवाहों को और हवा दी।
यह खबर भी पढ़ेः वैलेंटाइन डे पर सामने आया ‘एक दिन’ का नया पोस्टर, इस प्यारे अंदाज में दिखे जुनैद खान और साई पल्लवी
‘दो दीवाने सहर में’ में नजर आएंगी मृणाल
वर्कफ्रंट की बात करें तो मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस रोमांटिक लव स्टोरी में वो सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी। रवि उदयवार द्वारा निर्देशित और संजय लीला भंसाली द्वारा निर्मित यह फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा उनकी पाइपलाइन में आदिवी शेष के साथ रोमांटिक-एक्शन थ्रिलर ‘डकैत’ भी है। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने है।