Dhurandhar 2: ‘धुरंधर 2’ ने मचाया पाकिस्तान में बवाल; ट्रोलिंग के शिकार असली ‘जमील जमाली’, दिखाएंगे अपनी कहानी
Dhurandhar 2: फिल्म ‘धुरंधर 2’ के बाद ‘जमील जमाली’ के किरदार को लेकर काफी चर्चा हो रही है। इसी बीच खुद को असली जमील जमाली बताने वाले पाकिस्तानी नेता नबील गबोल ने अब बड़ा ऐलान किया है।
विस्तार
‘धुरंधर 2’ फिल्म लगातार बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है। अब फिल्म को लेकर चर्चाएं सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही है, बल्कि इसे लेकर पाकिस्तान में भी चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच खुद को असली जमील जमाली बताने वाले पाकिस्तानी नेता नबील गबोल ने बड़ा ऐलान कर दिया है।
मेरी छवि गलत तरीके से पेश हुई
कन्टेंट क्रिएटर के साथ बातचीत में नबील गबोल ने कहा कि फिल्म में दिखाया गया जमील जमाली का किरदार उनसे काफी मिलता-जुलता है, क्योंकि कहानी जिस समय की है, उस दौरान वह ल्यारी से नेशनल असेंबली (MNA) के सदस्य थे। लेकिन फिल्म में जिस तरह उनका कैरेक्टर दिखाया गया, उससे वह खुश नहीं हैं।
उन्होंने खास तौर पर इस बात पर नाराजगी जताई कि फिल्म में उनके जैसे किरदार को एक इंटेलिजेंस एजेंट के रूप में दिखाया गया है। गबोल ने कहा कि यह दिखाना सही नहीं है और इससे उनकी छवि गलत तरीके से पेश हुई है।
नबील गबोल बनाएंगे अपनी 'धुरंधर' फिल्म
सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद नबील गबोल ने अब फैसला लिया है कि वह अपनी तरफ से ‘धुरंधर’ का एक वर्जन बनाएंगे। उनका कहना है कि वह इस फिल्म के जरिए सच्चाई दिखाएंगे और अपनी कहानी खुद बताएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर काफी ट्रोलिंग हो रही थी और लोग पूछ रहे थे कि वह चुप क्यों हैं। अब वह अपनी फिल्म के जरिए इसका जवाब देंगे।
गबोल का मानना है कि फिल्म में उनके जैसे किरदार को कॉमिक तरीके से दिखाया गया, जबकि वह खुद को एक मजबूत और गंभीर व्यक्ति बताते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस फिल्म ने ल्यारी को इंटरनेशनल लेवल पर पहचान जरूर दिलाई है।
धुरंधर फिल्म के बारे में
बता दें कि 'धुरंधर 2' फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है और एक के बाद एक रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है। खबर लिखने तक फिल्म ने भारत में 855.22 करोड़ की कमाई कर ली है। मूवी में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन नजर आए हैं।