यश चोपड़ा के जन्मदिन पर होगा हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा एलान, आदित्य चोपड़ा के प्लान की ये है पूरी जानकारी
फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा यशराज फिल्म्स की स्थापना के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष में एक बड़ा एलान करने वाले हैं। साल भर चलने वाले इस जश्न का एलान वह अपने पिता यश चोपड़ा के जन्मदिन 27 सितंबर को करेंगे। यश चोपड़ा ने साल 1970 में इस कंपनी की नींव रखी थी।
सूत्रों के मुताबिक 27 सितंबर को वाईआरएफ की 50 वर्षों के सफर के जश्न की शानदार शुरूआत होगी और साल भर तक चलने वाले इस कार्यक्रम के लिए तमाम बड़ी, धमाकेदार और लोगों को चौंका देने वाली योजनाएं बनाई गई हैं। आदित्य चोपड़ा खुद इस दिन अपने महात्वाकांक्षी वाईआरएफ प्रोजेक्ट 50 के ब्लू प्रिंट का खुलासा करेंगे। और, इसी दिन आदित्य यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली कुछ बड़ी फिल्मों की घोषणा भी करेंगे।
माना जा रहा है कि हिंदी सिनेमा के इतिहास में किसी भी स्टूडियो की तरफ से किया जाने वाला ये सबसे बड़ा एलान होगा और इसीलिए सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के बड़े फिल्म निर्माताओं की नजरें भी इस दिन घोषित की जाने वाली योजनाओं को देखने के लिए 27 सितंबर पर टिकी हैं।
अपने भाई बलदेव राज चोपड़ा यानी बी आर चोपड़ा के लिए फिल्मों के निर्देशन से अपना करियर शुरू करने वाले यश चोपड़ा ने बतौर निर्माता जब अपनी पहली फिल्म राजेश खन्ना, शर्मिला टैगोर और राखी स्टारर ‘दाग’ का एलान किया तभी यश राज फिल्म्स का नाम सबसे पहले सामने आया था। लोग ये भी कहते हैं कि राज शब्द उस समय राजेश खन्ना के लिए भी इस्तेमाल किया जाता था। यश चोपड़ा का निधन साल 2012 में डेंगू से प्रभावित होने के बाद हुआ, तब से उनके बेटे आदित्य चोपड़ा इस कंपनी को संभाल रहे हैं।
यशराज फिल्म्स बैनर तले पिछले 50 साल में कुल 76 फिल्में बन चुकी हैं। इनके अलाव यशराज फिल्म्स ने दूसरे निर्माताओं की फिल्में अपने नेटवर्क के तरह रिलीज भी की हैं। इस समय यशराज फिल्म की एक फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ रिलीज की कतार में हैं और चार फिल्में ‘बंटी और बबली 2’, ‘पृथ्वीराज’, ‘शमशेरा’ और ‘जयेशभाई जोरदार’ निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं।