Randeep Hooda: भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन खुकरी’ पर फिल्म बनाएंगे रणदीप हुड्डा, मेजर जनरल पुनिया का निभाएंगे रोल
Randeep Hooda in Operation Khukri: बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा अब पर्दे पर भारतीय सेना के शौर्य और साहस को दर्शाने के लिए एकदम तैयार हैं। रणदीप की अगली फिल्म का ऐलान हो गया है जिसमें वो भारतीय जवान के किरदार में नजर आने वाले हैं।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक जबरदस्त किरदार में नजर आने वाले हैं। 'जाट' जैसी सुपरहिट फिल्म की सफलता के बाद अब रणदीप अपनी अगली फिल्म में भारतीय सेना के सबसे साहसिक मिशन्स में से एक को जीवंत करने जा रहे हैं। एक्टर की आने वाली फिल्म का नाम है ‘ऑपरेशन खुकरी’, जो कि एक रियल लाइफ वॉर ड्रामा है।
क्या है फिल्म का सब्जेक्ट?
यह फिल्म साल 2000 में सिएरा लियोन यानी पश्चिमी अफ्रीका के एक देश में हुए एक वास्तविक सैन्य अभियान पर आधारित है, जहां भारतीय सेना के 233 जवानों को विद्रोही बलों ने बंधक बना लिया था। यह मिशन भारतीय सेना द्वारा अब तक किए गए सबसे खतरनाक और साहसिक अभियानों में से एक माना जाता है। फिल्म में रणदीप हुड्डा मेजर जनरल राज पाल पुनिया की भूमिका निभाएंगे, जो उस वक्त 14वीं मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के कंपनी कमांडर थे और इस मिशन की अगुवाई कर रहे थे।
ये खबर भी पढ़ें: Randeep Hooda: 'जाट' में जबरदस्त एक्टिंग के लिए पत्नी ने की रणदीप हुड्डा की तारीफ, लिखी ये बात
प्रोजेक्ट पर क्या बोले रणदीप?
रणदीप हुड्डा ने इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए कहा कि यह कहानी सिर्फ हथियारों और युद्ध की नहीं, बल्कि वीरता, बलिदान और भाइचारे की है। उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं ऐसे योद्धा की भूमिका निभा रहा हूं, जिसने 75 दिन तक दुश्मन के बीच फंसे जवानों को न सिर्फ जिंदा निकाला बल्कि भारत के सैन्य इतिहास में एक सुनहरा अध्याय जोड़ दिया।
‘ऑपरेशन खुकरी’ की कहानी
‘ऑपरेशन खुकरी’ की कहानी एक बेस्टसेलर किताब पर आधारित है, जिसे पेंग्विन रैंडम हाउस इंडिया ने प्रकाशित किया है। इस किताब के फिल्मी अधिकार अब ऑफिशियली राहुल मित्रा फिल्म्स और रणदीप हुड्डा फिल्म्स ने हासिल कर लिए हैं। फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम जोरों पर है और इसे बड़े पैमाने पर शूट किया जाएगा। फिल्म की टीम का मानना है कि ‘ऑपरेशन खुकरी’ न सिर्फ एक थ्रिलिंग एक्शन फिल्म होगी, बल्कि यह भारतीय सेना की वीरगाथा को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने का एक जरिया बनेगी।