फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Election ›   the family tree of former PM HD Devegowda How many people are in politics

HD Devegowda Family Tree: ऐसा है पूर्व पीएम देवगौड़ा का कुनबा, रेवन्ना-प्रज्ज्वल समेत ये लोग भी हैं राजनीति में

Wed, 01 May 2024 03:52 PM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Wed, 01 May 2024 03:52 PM IST
विज्ञापन
सार
एचडी देवगौड़ा के बेटे एचडी रेवन्ना और पोते प्रज्ज्वल रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ है। पेनड्राइव स्कैंडल में प्रज्ज्वल का नाम आने के बाद जेडीएस ने मंगलवार को उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया। स्कैंडल की वजह से देवगौड़ा परिवार इस समय चर्चा में है।
 
loader
the family tree of former PM HD Devegowda How many people are in politics
देवगौड़ा परिवार - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

लोकसभा चुनावों के बीच कर्नाटक का देवगौड़ा परिवार सुर्खियों में है। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्ज्वल रेवन्ना का नाम पेनड्राइव स्कैंडल में आया है। बीते कुछ दिनों से प्रज्ज्वल के कई अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसी बीच, एचडी देवगौड़ा के बेटे एचडी रेवन्ना और पोते प्रज्ज्वल रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ है। 



मामला तूल पकड़ने के बाद जेडीएस ने मंगलवार को प्रज्ज्वल को पार्टी से निलंबित कर दिया। वहीं, कर्नाटक जेडीएस अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि यह प्रज्ज्वल रेवन्ना का निजी मामला है, जिसका इस्तेमाल कांग्रेस पूरे परिवार को बदनाम करने के लिए कर रही है। पेनड्राइव स्कैंडल की वजह से देवगौड़ा परिवार चर्चा में है। आइये जानते हैं कि एचडी देवगौड़ा के परिवार में कौन-कौन हैं? सभी सदस्य क्या-क्या करते हैं? कौन-कौन से सदस्य राजनीति में हैं? पेनड्राइव स्कैंडल में किसका नाम आया है? 

एचडी देवगौड़ा: भारत के 11वें प्रधानमंत्री रहे हैं। मई 1933 को कर्नाटक के हासन जिले के होलेनारासिपुरा तालुका के हरदनहल्ली गांव में एचडी देवगौड़ा का जन्म हुआ था। वर्तमान में वह जेडीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कर्नाटक से राज्यसभा सांसद हैं। एचडी देवगौड़ा 1994 में कर्नाटक के 14वें मुख्यमंत्री बने थे। एचडी देवगौड़ा ने 1954 में चेन्नम्मा से शादी की। दोनों के छह बच्चे हैं, जिनमें चार बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। 

1. एचडी बालकृष्ण गौड़ा: एचडी देवगौड़ा के बेटे-बेटियों में बालकृष्ण सबसे बड़े हैं। बालकृष्ण कर्नाटक प्रशासनिक सेवा (केएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। एचडी बालकृष्ण की शादी कविता से हुई। बालकृष्ण और कविता के दो बच्चे हैं, जिनमें कुणाल (पुत्र) और कीर्तन (बेटी) हैं। कुणाल करोबारी हैं जबकि कीर्तन इंजीनियर हैं। 

2. एचडी रेवन्ना: देवगौड़ा के बेटे-बेटियों में एचडी रेवन्ना दूसरे नंबर पर आते हैं। पेनड्राइव स्कैंडल की वजह से उनका नाम चर्चा में है। एचडी रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ है। वह कर्नाटक सरकार में मंत्री रह चुके हैं और अभी होलेनरसिपुरा से जेडीएस के विधायक हैं। एचडी रेवन्ना की शादी भवानी से हुई जो हासन जिला पंचायत की सदस्य रह चुकी हैं। एचडी रेवन्ना और भवानी के दो बेटे हैं प्रज्ज्वल और सूरज।

(i) सूरज रेवन्ना: एचडी रेवन्ना के सबसे बड़े बेटे सूरज रेवन्ना हैं। सूरज पेशे से डॉक्टर हैं। फिलहाल वह जेडीएस से कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य हैं। 

(ii) प्रज्ज्वल रेवन्ना: पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना के दूसरे बेटे प्रज्ज्वल रेवन्ना हैं। प्रज्ज्वल ही पेनड्राइव स्कैंडल में फंसे हैं जो वर्तमान में हासन सीट से लोकसभा सांसद हैं। 2019 में उन्हें जेडीएस का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया था। 2019 में ही लोकसभा का चुनाव जीतकर प्रज्ज्वल संसद पहुंचे। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी प्रज्ज्वल हासन सीट से जेडीएस के उम्मीदवार हैं, जहां 26 अप्रैल को मतदान भी हो चुका है। 

3. एचडी कुमारस्वामी: एचडी देवगौड़ा के तीसरे बेटे एचडी कुमारस्वामी हैं। कुमारस्वामी कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और इस लोकसभा चुनाव में मांड्या सीट से जेडीएस के प्रत्याशी हैं। एचडी कुमारस्वामी ने दो शादियां की हैं। पहली पत्नी अनीता हैं जो मीडिया उद्यमी और रामनगर विधानसभा से जेडीएस की विधायक रह चुकी हैं। एचडी कुमारस्वामी ने 1986 में अनीता से शादी की और उनका एक बेटा है जिसका नाम निखिल कुमारस्वामी है। निखिल एक फिल्म अभिनेता हैं जो कन्नड़ फिल्मों में अपने काम के लिए जाने जाते हैं। फिल्मों के अलावा वह लोकसभा और विधानसभा चुनावों में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। 

एचडी कुमारस्वामी की दूसरी पत्नी राधिका हैं। राधिका कुमारस्वामी फिल्म अभिनेत्री और निर्माता हैं, जिन्होंने मुख्य रूप से कन्नड़ फिल्मों में काम किया है। 2006 में राधिका की शादी एचडी कुमारस्वामी से हुई थी। राधिका और एचडी कुमारस्वामी की एक बेटी है जिसका नाम शमिका है।

4. एचडी अनुसूया: एचडी देवगौड़ा की दो बेटियों में से सबसे बड़ी अनुसूया हैं। एचडी अनुसूया लेक्चरर रह चुकी हैं। एचडी अनुसूया ने डॉ. सीएन मंजूनाथ से शादी की है जो एक प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ हैं। पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा के दामाद भाजपा के टिकट पर बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी हैं। इस सीट पर उनके खिलाफ कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश के सामने है। इस सीट पर 26 अप्रैल को मतदान हो चुका है। 

एचडी अनुसूया और सीएन मंजूनाथ के दो बच्चे हैं। बेटे सात्विक और बेटी नम्रता दोनों पेशे से डॉक्टर हैं।  

5. एचडी रमेश: पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा के सबसे छोटे बेटे एचडी रमेश हैं। एचडी रमेश पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं। उनकी शादी पूर्व मंत्री डीसी तमन्ना की बेटी डॉ. सौम्या रमेश से हुई। सौम्या भी पेशे से डॉक्टर हैं। एचडी रमेश और सौम्या रमेश के बेटे अमोघ भी डॉक्टर हैं। 

6. एचडी शैलजा: एचडी देवगौड़ा की दूसरी और छोटी बेटी एचडी शैलजा हैं। एचडी शैलजा पेशे से कन्नड़ पत्रकार रह चुकी हैं। एचडी शैलजा की शादी अमोघ चंद्रशेखर से हुई जो एक हड्डी रोग विशेषज्ञ हैं। एचडी शैलजा और अमोघ चंद्रशेखर की एक बेटी है, जिनका नाम सुकीर्ति है और वह बीबीएम ग्रेजुएट हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed