Ground Report: प्रधान भाजपा तो प्रणव बीजद से मैदान में, संबलपुर में पटनायक के करीबी ने बढ़ाई सियासी गर्मी
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
पश्चिमी ओडिशा की लोकसभा सीट संबलपुर भाजपा और बीजद के लिए नाक का सवाल बन गई है। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में घमासान तेज हो गया है। बड़े भाजपा नेताओं के दौरों के बाद बीजद के रणनीतिकार वीके पांडियन ने इस सीट पर सीधा मोर्चा संभाल लिया है। बीजद हर हाल में भाजपा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान को रोकना चाहती है, जिन्हें हर लिहाज से राज्य में बीजद के लिए खतरा माना जा रहा है। बीजद ने यहां से प्रणव प्रकाश दास यानी बॉबी दास को अपना उम्मीदवार बनाया है। उनके लिए बीजद के रणनीतिकार पांडियन व राज्यसभा सदस्य मानस मोंगराज ने यहां पूरी ताकत झोंक रखी है।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बाद बीजद में नंबर दो के रूप में देखे जा रहे वीके पांडियन के संबलपुर में पहुंचने के बाद राजनीतिक गर्मी बढ़ गई है। पांडियन के ब्यूरोक्रेटिक अंदाज को लेकर राज्य के भाजपा नेता सबसे ज्यादा आक्रामक हैं और उड़िया अस्मिता का सवाल उठाकर कहीं न कहीं उन्हीं पर निशाना साध रहे हैं। भाजपा हर हाल में अपने गढ़ को मजबूत रखने में जुटी है, जबकि बीजद की को शिश संबलपुर को ह थियाने की है। यहां की सात विधानसभा सीटों में भाजपा के पास चार और तीन बीजद के पास हैं।
प्रणव के लिए नई है सीट
दरअसल, बीजद ने प्रधान को घेरने के लिए ही राज्य में तीसरे नंबर के कहे जाने वाले प्रणव को उतारा है। उनके लिए संबलपुर लोकसभा सीट नई है, लेकिन उन्हें रणनीति के तहत उतारा गया है। इस सीट पर बीते तीन लोकसभा चुनाव के नतीजे देखें तो हर बार बदलाव रहा है। 2019 में इस सीट पर भाजपा के नितेश गंगा देब ने जीत दर्ज की थी, जबकि 2014 में यह सीट बीजद के पास थी और नागेंद्र प्रधान यहां से सांसद चुने गए थे। 2009 में इस सीट को कांग्रेस के अमरनाथ प्रधान ने जीता था। कांग्रेस से नागेंद्र चुनाव मैदान में जरूर हैं, लेकिन इलाके के मतदाताओं के मुताबिक, मुकाबला भाजपा-बीजद में ही होना है।
यहां भाजपा का दबदबा
पश्चिम ओडिशा की सात लोकसभा सीटों में संबलपुर इकलौती है, जहां भाजपा विधायक बीजद से अधिक हैं। भाजपा के इस बार लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव को लेकर आक्रामक होने के बाद बीजद के भीतर खलबली मची है। बीजद की चिंता है कि भाजपा की लोकसभा की सीट बढ़ने के साथ विधानसभा में उसकी सीटें कम न हो जाएं। बीजद ने संबलपुर के साथ क्योंझर सीट को भी हॉट बना दिया है।
पिछले दो लोकसभा चुनाव के नतीजे
| लोकसभा चुनाव 2019 | ||
| उम्मीदवार | दल | मत% |
| नितेश गंगा देब | भाजपा | 42.05 |
| नलिनी कांता प्रधान | बीजद | 41.24 |
| लोकसभा चुनाव 2014 | ||
| उम्मीदवार | दल | मत% |
| नागेंद्र प्रधान | बीजद | 36.42 |
| सुरेश पुजारी | भाजपा | 33.31 |