PM Modi: सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वालों में नरेंद्र मोदी भी, क्या तोड़ेंगे इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड?
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
9 जून को नरेंद्र मोदी की ताजपोशी है। वह लगातार तीसरी बार देश की सत्ता की कमान संभालेंगे। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 4 जून को घोषित नतीजों में भाजपा को 240 सीटें आईं। वहीं, सहयोगी दलों के साथ एनडीए गठबंधन 293 सीटें जीतने में सफल रहा है।
नरेंद्र मोदी की तीसरी पारी अपने आप में एक रिकॉर्ड है। लगातार तीसरी बार शपथ लेते ही वह जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी की श्रेणी में शामिल हो जाएंगे। आइये जानते हैं कि देश में सबसे ज्यादा दिनों तक प्रधानमंत्री कौन हैं? सबसे लंबे समय तक पीएम रहने वालों की सूची में शामिल हो चुके मोदी क्या कार्यकाल पूरा करते ही इंदिरा का रिकॉर्ड तोड़ देंगे?
जवाहर लाल नेहरू
आजादी के बाद जवाहर लाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री बने थे। जवाहर लाल नेहरू ने लगातार तीन बार देश की बागडोर संभाली। पंडित नेहरू 1947 से 1964 तक करीब 17 वर्षों तक प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने 16 वर्ष, 9 महीने, 13 दिनों तक प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली। प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए 27 मई, 1964 को नई दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। ।
इंदिरा गांधी
भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं। चार बार देश की प्रधानमंत्री रहीं इंदिरा ने 1966 से 1977 तक लगातार तीन कार्यकालों तक देश की सत्ता संभाली थी। 1966 में लाल बहादुर शास्त्री के निधन के बाद इंदिरा पहली बार देश की प्रधानमंत्री बनीं। 1967 में हुए चुनाव में जीत दर्ज करके उन्होंने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद 1971 के चुनाव में जीत दर्ज करके इंदिरा ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इंदिरा ने 1975 में आपातकाल लगाया। इसके चलते जो कार्यकाल 1976 में खत्म हो सकता था वह 1977 में आपातकाल खत्म होने तक जारी रहा। उनका चौथा और अंतिम कार्यकाल 1980 से 1984 तक था। 31 अक्तूबर 1984 को इंदिरा की उनके घर के बाहर उनके दो अंगरक्षकों ने हत्या कर दी। इस तरह से इंदिरा 15 वर्ष, 11 महीने और 22 दिनों तक देश की प्रधानमंत्री रहीं।
नरेंद्र मोदी
भाजपा के दिग्गज नेता 2014 में सत्ता संभालने के बाद लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में मोदी ने भाजपा को रिकॉर्ड जीत दिलाई और दोनों मौकों पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। 9 जून से प्रधानमंत्री के रूप में उनका तीसरा कार्यकाल शुरू हो रहा है। उन्होंने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद संभाला था। यह कार्यकाल पूरा करते ही तीसरे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता हो जाएंगे। हालांकि, तीसरे कार्यकाल में भी वह इंदिरा के रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर पाएंगे।
देश के पहले सिख प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने दोनों बार यूपीए सरकार का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री कार्यालय में मौजूद जानकारी के मुताबिक, मनमोहन सिंह का कार्यकाल 10 वर्ष, 5 दिनों तक रहा।
अटल बिहारी वाजपेयी
अटल 1996 में 13 दिनों के लिए भारत के प्रधानमंत्री रहे और 1998 से 2004 तक दो अधूरे कार्यकाल तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। अटल का पहला कार्यकाल 16 मई 1996 से 1 जून 1996 तक रहा। उन्होंने दूसरी बार 19 मार्च 1998 से 29 अप्रैल 1999 तक प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली। अंतिम बार 3 अक्तूबर 1999 से 10 मई 2004 तक वह पीएम पद पर रहे।