NEET UG Topper 2023: धोनी से प्रेरित होकर अरनव बने नीट टॉपर, बताया सफलता का मंत्र
NTA NEET UG Result 2023: एनटीए ने मंगलवार को नीट यूजी परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 20.38 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें 11.45 लाख ने सफलतापूर्वक परीक्षा पास की है।
विस्तार
NTA NEET UG Result 2023 Topper: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने स्नातक मेडिकल दाखिला परीक्षा नीट यूजी 2023 का रिजल्ट जारी कर दिया है। तमिलनाडु के प्रबंजन जे और आंध्र प्रदेश के बोरा वरुण चक्रवर्ती ने 99.99 पर्सेंटाइल के साथ नीट परीक्षा में टॉप किया है। NTA की ओर से बताया गया कि सफल हुए उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश से हैं। उसके बाद महाराष्ट्र और राजस्थान का नंबर है। पश्चिम बंगाल के अरनव पाती ने इस परीक्षा में 19वीं रैंक हासिल की है।
दादा चाहते थे डॉक्टर बनूं
कोटा के एक प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूट के क्लासरूम छात्र रहे अरनव पाती ने नीट यूजी में आल इंडिया 19वीं रैंक प्राप्त की है। अरनव ने बताया कि परिवार में पापा इंजीनियर हैं, दादा जी पश्चिम बंगाल के बाल्कुरा के गांव में स्कूल टीचर थे। वे मुझे डॉक्टर बनने के लिए प्रेरित करते थे। इसीलिए मैंने बॉयलोजी ली।
एमएस धोनी से इंस्पायर
अरनव ने बताया कि वह इंडियन क्रिकेटर एमएस धोनी से भी इंस्पायर हैं। उनका प्रेशर को हैंडल करने का तरीका, कूल रहकर डिसिजन लेने का तरीका अच्छा लगता है। मैं उनकी तरह निर्णय लेने की कोशिश भी करता हूं। अब एम्स दिल्ली से एमबीबीएस करना चाहता हूं और जीवन में सफल कार्डियोलॉजिस्ट बनना चाहता हूं। मैं खुद को रिफ्रेश रखने के लिए मेडिटेशन करता हूं। इससे अटेंशन बढ़ता है। अध्यात्म में मेरी रूचि भी है।
एकाग्र होकर पढ़ने से मिली सफलता
मेरा मानना है जब तक हम शांत होकर पढ़ाई नहीं करेंगे तब तक एकाग्रता नहीं आती है। सफलता के लिए हार्ड-वर्क के साथ-साथ नियमितता और अनुशासन को जरूरी मानता हूं। मैं सुबह 5.30 बजे उठता हूं, इसके बाद कोचिंग जाता था तथा दोपहर में 2 से 5 बजे तक रिवीजन करने के बाद शाम को 5.45 से 10.15 बजे तक अलग-अलग विषयों की पढ़ाई करता था।
नीट के साथ-साथ मैंने सेल्फ एनालिसिस और फिजिक्स व केमेस्ट्री की स्ट्रेंथ बढ़ाने के लिए जेईई-मेंस दी और उसमें 99.94 पर्सेन्टाइल स्कोर किया। कक्षा दसवीं में 99.5 पर्सेन्ट स्कोर किया, इसके साथ ही 12वीं में 98 पर्सेन्ट स्कोर था। एनटीएसई स्टेज-1 में वेस्ट बंगाल टॉपर रहा, केवीपीवाय में आल इंडिया रैंक 78 प्राप्त की। परिवार मूलतः पश्चिम बंगाल से है, यहां पिता चंचल कुमार पाती मैकेनिकल इंजीनियर हैं तथा मां रूम्पा पाती नर्सिंग सर्विसेज में हैं।
कमेंट
कमेंट X