CM SHRI: छह सितंबर को होगी सीएम श्री प्रवेश परीक्षा; छठी से आठवीं में दाखिले के लिए 22 अगस्त तक करें आवेदन
Delhi CM SHRI Admission: दिल्ली सरकार ने सीएम श्री स्कूलों में कक्षा 6, 7 और 8 में दाखिले के लिए पंजीकरण करने की समय सीमा को बढ़ा दिया है। प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की तारीख भी बदल दी गई है।
विस्तार
Delhi CM SHRI: दिल्ली सरकार ने कक्षा 6, 7 और 8 के लिए 'सीएम श्री प्रवेश परीक्षा 2025' के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। नए संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 अगस्त, 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, पहले फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की गई थी। हालांकि, आवेदकों और हितधारकों की भारी प्रतिक्रिया और अनुरोधों को देखते हुए तिथि को बढ़ाकर 22 अगस्त रात 11.59 बजे कर दिया गया है।
30 अगस्त नहीं, 6 सितंबर को होगी परीक्षा
शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के लिए सीएम श्री प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की तिथि भी 30 अगस्त से संशोधित कर 6 सितंबर कर दी गई है।
सितंबर में हो सकता है सीएम श्री स्कूलों का उद्घाटन
एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार सितंबर में अपने नए घोषित सीएम श्री स्कूलों का उद्घाटन कर सकती है, क्योंकि संस्थानों के संचालन की तैयारियां तेज हो रही हैं। इस साल की शुरुआत में घोषित इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में उच्च-गुणवत्ता वाली, भविष्य के लिए तैयार शिक्षा प्रदान करना है।
यह केंद्र सरकार के पीएम श्री स्कूलों की तर्ज पर बनाया गया है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 का पालन करेगा। सीएम श्री स्कूल राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 को लागू करेंगे।
दिल्ली बोर्ड के स्कूल भी होंगे सीबीएसई के अधीन
प्रत्येक स्कूल में एआई-सक्षम पुस्तकालय, संवर्धित वास्तविकता (AR) और आभासी वास्तविकता (VR) उपकरणों से युक्त स्मार्ट कक्षाएं, स्मार्टबोर्ड, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली और रोबोटिक्स प्रयोगशालाएं होंगी ताकि छात्रों में नवाचार को बढ़ावा दिया जा सके।
दिल्ली विद्यालयी शिक्षा बोर्ड (DBSE) को भी चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जा रहा है और इसके संबद्ध स्कूलों को अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के अधीन लाया जाएगा।
कमेंट
कमेंट X