सीबीएसई ने नेट की आंसर-की को किया जारी, सुधार के लिए कर सकते हैं आवेदन
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने आठ जुलाई को आयोजित की गई राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा(नेट) की ओएमआर शीट की स्कैन इमेज के साथ उनके उत्तर व उत्तर कुंजी (आंसर-की) को जारी कर दिया है। सीबीएसई की ओर से इन्हें 24 से 27 जुलाई तक सीबीएसई नेट वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
स्कैन ओएमआर में गलती होने पर छात्र उस पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। ओएमआर शीट पर चिन्हित किए हुए उत्तरों तथा उत्तर कुंजी पर आपत्ति केवल ऑनलाइन माध्यम से ही की जा सकेगी। इस आपत्ति के लिए सीबीएसई नेट की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध कराया गया है। जिसे 27 जुलाई रात 11 बजकर 59 मिनट तक स्वीकार किया जाएगा।
प्रत्येक प्रश्न को चुनौती देने के लिए उम्मीदवार को एक हजार रुपये चुकाने होंगे। सीबीएसई की ओर से यह सुविधा वेबसाइट cbsenet.nic.in पर उपलब्ध कराई गई है। डाक द्वारा या व्यक्तिगत रूप से भेजी गई आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एक प्रश्न को चुनौती देने के लिए एक हजार रुपये का भुगतान क्रेडिट-डेबिट कार्ड के माध्यम से करना होगा। इसी प्रकार उम्मीदवारों को इसी वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक द्वारा उत्तर कुंजी पर आपत्ति करने का भी प्रावधान दिया गया है। इसके लिए भी 1000 रुपये के शुल्क का भुगतान करना होगा।
बोर्ड ने साफ किया है कि भुगतान किया हुआ शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। यदि बोर्ड द्वारा आपत्ति स्वीकार की जाती है अर्थात यदि अंकित उत्तर उम्मीदवार द्वारा ओएमआर शीट पर चिन्हित से भिन्न है तो उसमें सुधार कर दिया जाएगा तथा शुल्क वापस कर दिया जाएगा। यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि तक आपत्ति नहीं करता तो यह मान लिया जाएगा कि उसके अंकित उत्तर उसके द्वारा ओएमआर शीट पर चिन्हित किए गए उत्तर जैसा है।
आपत्तियों पर सीबीएसई का निर्णय अंतिम होगा और इस बारे में कोई पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि उत्तर कुंजी में कोई आपत्ति बोर्ड द्वारा स्वीकार की जाती है तो एक नीतिगत निर्णय वेबसाइट पर अधिसूचित कर दिया जाएगा और शुल्क वापस किया जाएगा। शुल्क वापसी डेबिट-क्रेडिट कार्ड खाते से ऑनलाइन की जाएगी। लिहाजा बोर्ड ने उम्मीदवारों को अपने क्रेडिट कार्ड से ही भुगतान करने की सलाह दी है।
कमेंट
कमेंट X