CBSE: 5वीं से 10वीं तक के लिए सीबीएसई का 'बडिंग ऑथर प्रोग्राम' शुरू, छात्र होंगे कहानी लिखने के लिए तैयार
Budding Author Program: सीबीएसई ने पांचवीं से दसवीं तक के छात्रों में कहानी लेखन और रचनात्मक क्षमता को बढ़ाने के लिए 'बडिंग ऑथर प्रोग्राम' शुरू किया है, जिससे छात्र अपनी लेखन प्रतिभा को निखार सकेंगे।
विस्तार
CBSE: स्कूलों में कहानी लिखने के लिए छात्र तैयार होंगे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) पांचवीं से दसवीं तक के बच्चों के लिए बडिंग ऑधर प्रोग्राम शुरू करने जा रहा है। इस प्रोग्राम का लक्ष्य बच्चों में लिखने के कौशल को बढ़ाना, आत्मविश्वास बढ़ाना, रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए रुचि जगाना है।
दो चरणों में चलने वाले इस प्रोग्राम का पहला राउंड (स्कूल स्तर) आज (6 जनवरी) से शुरू होने जा रहा है जो कि 31 जनवरी तक चलेगा। कार्यक्रम के तहत अच्चों को कहानियों को प्रभावी ढंग से लिखने-सीखने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। दूसरा चरण पंजीकरण और कहानियों को जमा कराने का है जोकि तीन फरवरी से 27 फरवरी तक चलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को सीबीएसई की ओर से लघु कथाओं के संग्रह के रूप में प्रकाशित किया जाएगा।
सीबीएसई के अनुसार यह प्रोग्राम छात्रों को लेखन अनुभव के माध्यम से क्रिटिकल थिंकिंग, भाषा दक्षता, आत्म अभिव्यक्ति विकसित करने के लिए मंच प्रदान करता है। इस प्रोग्राम के तहत छात्र अपनी खुद की छोटी कहानियां लिख सकते हैं और जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें अपने काम को प्रकाशित होने का मौका भी मिलेगा।
दूसरा राउंड तीन से 27 फरवरी तक चलेगा
इस प्रोग्राम के लिए छात्रों को किसी प्रकार के शुल्क का भुगतान नहीं करना है। छात्र अपनी मूल, अप्रकाशित छोटी कहानी हिंदी या अंग्रेजी में तीन श्रेणियों के तहत जमा कर सकते हैं। पहली श्रेणी पांचवीं से छठी, दूसरी श्रेणी सातवीं से आठवीं, व तीसरी श्रेणी नौवीं से दसवीं है। श्रेणी के हिसाब से कहानी लिखने के लिए शब्दों की सीमा को भी तय किया गया है। पहला दौर स्कूल स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
स्कूल 6 जनवरी से 31 जनवरी तक यह प्रोग्राम आयोजित करेंगे। पहले दौर में प्रति कक्षा प्रतिभागियों की संख्या की कोई सीमा नहीं है। स्कूल स्तर पर आयोजित पहले राउंड के आधार पर 3 फरवरी से 27 फरवरी तक सीबीएसई पोर्टल पर उसे जमा कराना होगा। हर स्कूल कुल 12 सबसे अच्छी कहानियों को शॉर्टलिस्ट करेगा, इस तरह हर क्लास से दो कहानियां होंगी। प्रोग्राम के दूसरे राउंड में भाग लेने वाले सभी छात्रों को बोर्ड द्वारा एक ऑनलाइन प्रतिभागी सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा।
कमेंट
कमेंट X