सेंट स्टीफंस कॉलेज में महंगी हुई पढ़ाई, पाठ्यक्रमों की फीस में की गई बढ़ोतरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विश्वविद्यालय से संबंधित सेंट स्टीफंस कॉलेज में पढ़ना एक बार फिर से मंहगा हो गया है। बीते साल स्नातक पाठ्यक्रमों में फीस बढ़ोतरी के बाद कॉलेज ने शैक्षणिक सत्र 2016-17 में होने वाले दाखिलों के लिए भी फीस में बढ़ोतरी कर दी है।
प्रति सेमेस्टर कॉलेज ने स्नातक पाठ्यक्रमों की फीस को 2,425 रुपये से लेकर 2,635 रुपये तक बढ़ाया है। वहीं रेजीडेंस फीस में भी 500 रुपये तक बढ़ाए गए हैं।
इस तरह से छात्रों को इस बार बीते साल के मुकाबले में लगभग पांच हजार से अधिक राशि का भुगतान करना पड़ेगा। स्टीफंस में भी दाखिले के लिए आवेदन की रेस जारी है।
इसके लिए कॉलेज की ओर से प्रोस्पेक्टस जारी किया गया है। इस प्रोस्पेक्टस में दाखिले से जुड़ी हर प्रकार की जानकारी के साथ-साथ फीस ढांचे की जानकारी भी दी गई है।
यहां तीन प्रकार की फीस छात्रों से ली जाती है। जिसमें कोर्स फीस, रेजिडेंस फीस व मेस फीस शामिल है। कोर्स फीस ह्यूमेनिटीज, फिजिक्स, केमिस्ट्री व गणित के लिए अलग-अलग होती है। वहीं रेजीडेंस फीस व मेस फीस सभी छात्रों के लिए एक जैसी होती है।
बीते साल कॉलेज ने ह्यूमेनिटीज (ऑनर्स व बीए प्रोग्राम) में दाखिला लेने वाले छात्रों से पहले सेमेस्टर के लिए 16, 965 रुपये की फीस ली थी।
जो कि इस साल बढ़कर 19, 390 रुपये हो गई है। वहीं बीते साल तक फिजिक्स, केमिस्ट्री ऑनर्स, व बीएससी प्रोग्राम कोर्स की फीस 17, 955 रुपये थी जिसे इस साल बढ़ाकर 20, 590 रुपये कर दिया गया है।
जहां तक बीएससी मैथमेटिक्स कोर्स की बात है तो फीस 17 हजार 145 रुपये थी, जिसे इस साल बढ़ाकर 19, 570 रुपये कर दिया गया है।
वहीं रेजीडेंस फीस में भी बीते साल के मुकाबले में पांच सौ रुपये बढ़ा दिए गए हैं। बीते साल यह फीस 26 हजार 50 रुपये थी। अब यह 26, 550 रुपये हो गई है। साल में दो सेमेस्टर होते हैं लिहाजा अगले सेमेस्टर की फीस अलग है। अगले सेमेस्टर की फीस छात्रों को जनवरी में चुकानी होगी।
इस तरह से दोनों सेमेस्टर के हिसाब से ह्यूमेनिटीज व बीए प्रोग्राम के छात्रों को कुल 34, 870 रुपये, फिजिक्स, केमिस्ट्री व बीएससी प्रोग्राम के लिए कुल 37, 285 रुपये, व बीएससी गणित के लिए 35, 230 रुपये चुकाने होंगे। बीते साल के मुकाबले में मेस फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।