बोर्ड की परीक्षा में बच्चों को मिलेगी ये सुविधा, CBSE लाया विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) ने पांच मार्च से शुरू होने वाली दसवीं व बारहवीं की परीक्षा में विशेष जरूरत वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है।
इस साल परीक्षा में लिखने के लिए विद्यार्थी कंप्यूटर या लैपटॉप का प्रयोग कर सकेंगे। इसके लिएए उन्हें केवल किसी चिकित्सक या मनोवैज्ञानिक की ओर से दिया गया प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। जिसमें उसने कंप्यूटर की सुविधा की सिफारिश की हो।
इसके साथ ही दिव्यांग विद्यार्थी को कुछ दिन स्कूल में न आने पाने पर अनिवार्य उपस्थिति में भी छूट मिलेगी। सीबीएसई बोर्ड की हाल ही में हुई एग्जामिनेशन कमेटी की बैठक में विशेष जरूरत वाले बच्चे (चिल्ड्रंस विद स्पेशल नीड) को अतिरिक्त सुविधा-छूट देने का फैसला किया।
इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक के.के.चौधरी की ओर से सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को छूट व सुविधा की जानकारी भेजी गई है। मनोवैज्ञानिक की कंप्यूटर के इस्तेमाल की सिफारिश पर उसे इसका आधार भी बताना होगा।
मिलेंगी ये छूट
भेजी गई जानकारी में कहा गया है कि कंप्यूटर का इस्तेमाल उत्तर लिखने, बड़े आकार के शब्दों में प्रश्नों को देखने और प्रश्न सुनने में किया जा सकता है।
केंद्र अधीक्षक कंप्यूटर की जांच करने के बाद ही इसके इस्तेमाल की मंजूरी प्रदान करेगा। कंप्यूटर व लैपटॉप में इंटरनेट कनेक्शन नहीं होना चाहिए।
कंप्यूटर प्रयोग के लिए विद्यार्थी को पूर्व में इसके लिए आग्रह करना होगा। बोर्ड ने रीडर के लिए भी मंजूरी दी है। रीडर तब उपलब्ध कराया जाएगा जहां विशिष्ट रूप से सक्षम विद्यार्थी को लैपटॉप, कंप्यूटर जैसी सुविधा की जगह प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए किसी व्यक्ति की जरूरत होगी।
वहीं दिव्यांग विद्यार्थी के निर्धारित दिनों में स्कूल नहीं आने पर अनिवार्य उपस्थिति में छूट दी जा सकती है। यह छूट 50 फीसदी से अधिक नहीं होगी।
छूट की सिफारिश विस्तृत उपस्थिति व स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के साथ प्रिंसिपल की ओर से आना जरूरी है। 50 फीसदी से कम उपस्थिति वाले मामले सीबीएसई मुख्यालय मंजूरी के लिए भेजने होंगे।