प्रदूषण ने बदला छुट्टियों का शेड्यूल, इन अवकाशों पर भी खुले रहेंगे स्कूल
अक्तूबर में छठ पूजा, नवंबर में वायु प्रदूषण और एसएमसी चुनाव ने सरकारी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश का शेड्यूल बदल दिया है। दरअसल, इन छुट्टियों की भरपाई के लिए शिक्षा निदेशालय ने इस बदलाव का फैसला लिया है।
वहीं, दिसंबर के दूसरे शनिवार को भी स्कूल खुले रहेंगे। प्राइमरी के अवकाश 28 दिसंबर से 15 जनवरी व छठी से बारहवीं तक के 29 दिसंबर से 15 जनवरी तक होंगे। इस दौरान रीमेडियल कक्षाएं 28 दिसंबर से शुरू होनी थी जो कि अब 29 जनवरी से शुरू होंगी और 6 जनवरी तक चलेंगी।
शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में एक सर्कुलर जारी किया है। निदेशालय ने स्कूल प्रमुखों को स्पष्ट किया है कि आरटीई एक्ट 2009 के अंतर्गत 220 दिन के शैक्षणिक सत्र का पालन किया जाए।
एसएमसी चुनाव आज, स्कूल में अवकाश
सरकारी स्कूलों के कायाकल्प के लिए बनाई गई स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव शिक्षा निदेशालय कराने जा रहा है। चुनाव की वजह से 25 नवंबर को सरकारी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
कमेटी के लिए 12 सदस्यों (अभिभावकों ) का चुनाव किया जाएगा। इससे पहले 2015 में यह कमेटी गठित की गई थी। जिसका कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। लिहाजा चुनाव कराए जा रहे हैं। 1029 स्कूलों में पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सरकार ने पर्यवेक्षक के रूप में तदर्थ दानिक्स अफसर व सुपरिटेंडेंट तैनात किए हैं।
सुबह की पाली में अभिभावक 8.30 बजे से 11.30 तक व शाम की पाली में दोपहर 1 बजे से शाम 4.30 बजे वोट डाल सकते हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकारी स्कूलों की जवाबदेही बनाए रखने में माता-पिता की भागीदारी जरूरी है।
स्कूलों में एसएमसी के माध्यम से अभिभावकों की भागीदारी तय करना एक प्रभावी सुधार साबित हुआ है। चुनाव न केवल एसएमसी में नए प्रतिनिधियों का चुनाव करेगा, बल्कि दिल्ली में पब्लिक स्कूलों के प्रबंधन में भी सामुदायिक भागीदारी की संस्कृति को बढ़ावा देगा।