नर्सरी दाखिले की दौड़ आज से शुरू, अभिभावकों से मांगे जा रहे शैक्षणिक योग्यता के कागजात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2019-20 में नर्सरी दाखिला प्रक्रिया आज से शुरू होने जा रही है। स्कूलों ने अपने दाखिला मानक भी अपलोड कर दिए हैं। लेकिन इन मानकों व स्कूलों की मनमानी के आगे अभिभावक अभी से बेबस नजर आ रहे हैं।
स्कूलों ने शिक्षा निदेशालय के नियमों की छज्जियां उड़ाते हुए अभिभावकों के बारे में विभिन्न जानकारी मांगना शुरू कर दिया है। स्कूल न केवल अभिभावकों की शैक्षणिक योग्यता के सबूत मांग रहे हैं, बल्कि अनिवार्य नहीं होने के बावजूद आधार कार्ड मांगा जा रहा है।
नर्सरी की दौड़ में अभिभावक की पहचान से स्कूल में बच्चों को दाखिला मिल रहा है। कहीं माता-पिता के अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय पुरस्कार से बच्चों को दाखिले में लाभ मिल रहा है। दाखिला प्रक्रिया के लिए स्कूलों के मापदंड (क्राइटेरिया) में ऐसे नियम शामिल किए गए हैं।
एक नामी स्कूल ने दाखिले के लिए बच्चे के माता-पिता को उनके शैक्षणिक योग्यता के कागजात देने को कहा है। वहीं, एक स्कूल ने इंटर स्टेट ट्रांसफर के लिए 5 अंक तय कर दिए हैं। एक अभिभावक ने बताया कि एक स्कूल में स्पोर्ट्स में माता-पिता के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर का योगदान पूछा गया है।
आवेदन करते समय इन बातों का रखें ध्यान
वहीं, कुछ स्कूलों ने अनिवार्य नहीं होने के बावजूद आधार कार्ड को अनिवार्य किया है। अभिभावकों को समझ नहीं आ रहा कि इतनी जल्दी वह कैसे आधार बनवाएं। एडमिशन नर्सरी डॉट कॉम के प्रमुख सुमित वोहरा का कहना है कि स्कूल किसी न किसी नियम को आधार बनाकर अभिभावकों की जानकारियां जुटा रहे हैं।
यह शिक्षा निदेशालय की गाइडलाइंस का उल्लंघन है। स्कूल बच्चे का आधार नहीं मांग सकते। यह सुप्रीम कोर्ट की अवमानना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा निदेशालय को इसे दस्तावेज की सूची से हटाना चाहिए या वैकल्पिक बनाना चाहिए। शिक्षा निदेशालय को उन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
आवेदन करते समय इन बातों का रखें ध्यान
नर्सरी में दाखिले के लिए आज से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है। सुमित वोहरा के अनुसार, अभिभावकों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि स्कूल ऑफलाइन फॉर्म देने के लिए कुछ समय ही खिड़की खोलते हैं। ऐसे में अभिभावकों को समय से स्कूल पहुंचकर फॉर्म लेना होगा। इसके लिए वह स्कूल की वेबसाइट जरूर चेक करें। ऑनलाइन फॉर्म भर रहे हैं तो उसका रजिस्ट्रेशन नंबर जरूर लें और उसका प्रिंट आउट लेकर अपने पास रखें। आवेदन करते समय वह फोन नंबर व ईमेल आईडी भरें, जिसका इस्तेमाल करते हों। अभी आवेदन प्रक्रिया 7 जनवरी तक चलनी है। लिहाजा पहले ही दिन फॉर्म भरने में जल्दबाजी ना करें।