DU: दूसरी कटऑफ का पहला दिन, दाखिले के साथ नाम वापसी का दौर शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विश्वविद्यालय की दूसरी कटऑफ जारी होते ही कॉलेजों में दाखिले के साथ-साथ अब नाम वापसी का दौर शुरू हो गया। दूसरी कटऑफ में औसतन 0.25 से 2 फीसदी की गिरावट हुई है बावजूद इसके बड़ी संख्या में छात्रों ने दाखिले रद्द कराकर दूसरी जगह प्रवेश लिया है।
खास बात यह है कि भले ही कॉलेजों में दाखिले रद्द हुए हों लेकिन श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में एक भी दाखिला रद्द नहीं हुआ। अब जिस तरह से नाम वापस हुए उससे लग रहा है कि फिलहाल छात्र सीट पक्की करके तीसरी लिस्ट का इंतजार कर रहे हैं।
मंगलवार से दूसरी कटऑफ लिस्ट के दाखिले शुरू होने पर कॉलेजों में दाखिले लेने के साथ-साथ दाखिला रद्द कराने वालों की भीड़ रही। आलम यह रहा कि छात्र व अभिभावक समय से पहले ही कॉलेज पहुंच गए।
पहली कटऑफ जैसी परेशानी नहीं हुई
भले ही सोमवार से डीयू की वेबसाइट धीमी चल रही है लेकिन, पहली कटऑफ जैसी परेशानी छात्रों को नहीं हुई। डीयू में पहली कटऑफ लिस्ट के हाई रहने के कारण कॉलेजों में कम दाखिले हो रहे थे।
वहीं दूसरी कटऑफ लिस्ट में हुई गिरावट के चलते छात्रों के लिए कुछ नए दरवाजे खुले हैं। जिन छात्रों ने पहली लिस्ट में मनपसंद कोर्स के बजाए मनपसंद कॉलेज में दाखिला लिया था, उन्होंने दूसरी लिस्ट में अपनी गलती सुधार ली।
एसआरसीसी कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स व ईको ऑनर्स की 624 सीटों के लिए अब तक 473 दाखिले हो चुके हैं। कॉलेज ने अपने दोनों कोर्स में सीटों से अधिक दाखिले होने की स्थिति से बचने के लिए कटऑफ में महज 0.50 फीसदी की गिरावट की है। कॉलेज प्रिंसिपल आर.पी रस्तोगी ने बताया कि उनके यहां दूसरी कटऑफ के पहले दिन बीकॉम ऑनर्स में 95, बीए ईको ऑनर्स में 16 दाखिले हुए हैं। कॉलेज में किसी भी छात्र ने दाखिला रद्द नहीं कराया है।
किरोड़ीमल और आर्यभट्ट कॉलेज में दाखिलों का हाल
केएमसी की लगभग 1400 सीटों के लिए अब तक 700 दाखिले हो गए। दूसरी कटऑफ के पहले दिन इस कॉलेज के विभिन्न कोर्स में लगभग 200 दाखिले हुए। कॉलेज दाखिला इंचार्ज कल्पना भरारा ने बताया कि कटऑफ में मामूली गिरावट के बाद भी 200 दाखिले हो गए।
जबकि लगभग 60 दाखिले विभिन्न कोर्स से रद्द कराए गए हैं। बीकॉम में सबसे अधिक 28 दाखिले रद्द हुए हैं। इस कटऑफ के आधार पर दाखिले के लिए अभी 2 दिन बाकी हैं ऐसे में कॉलेज को उम्मीद है कि उसकी 70-80 फीसदी सीटें भर जाएंगी।
आर्यभट्ट कॉलेज
कॉलेज में लगभग 700 सीटों के लिए 100 दाखिले हो गए हैं। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. मनोज सिन्हा ने बताया कि पहली कटऑफ में भीड़ कम आई थी लेकिन अब दूसरी कटऑफ के पहले दिन ही काफी छात्रों ने दाखिला लिया।
खासकर साइकोलॉजी, बीकॉम व ईको के लिए काफी छात्र दाखिले के लिए पहुंचे। हालांकि अभी तक उनके यहां अंग्रेजी ऑनर्स व हिंदी ऑनर्स में दाखिले के लिए छात्र नहीं आ रहे हैं। उनके यहां मंगलवार को महज दो दाखिले ही रद्द कराए गए।
आईपी कॉलेज
आईपी कॉलेज में मंगलवार को ही 104 दाखिले हो गए। जबकि बीती कटऑफ में तीन दिनों में सवा दो सौ दाखिले हुए थे। कॉलेज से मंगलवार को ही 44 दाखिले रद्द कराए गए।
खासकर राजनीति शास्त्र, फिलॉस्फी, बीकॉम व ईको से दाखिले रद्द हुए हैं। मीडिया प्रवक्ता मनस्विनी योगी ने बताया कि दाखिले रद्द होना स्वाभाविक है क्योंकि कटऑफ कम होने पर उनके यहां से छात्र नॉर्थ कैंपस कॉलेजों का रुख करते हैं।