डीयू : मतगणना पर भी रहेगी तीसरी आंख की नजर, होगी वीडियो रिकॉर्डिंग
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव शुक्रवार को संपन्न होते ही अब डीयू प्रशासन ने शनिवार को होने वाली मतगणना की तैयारी शुरू कर दी है।
किंग्सवे कैंप स्थित पुलिस लाइन के कम्यूनिटी हॉल में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना के दौरान प्रशासन पर गड़बड़ी के आरोप ना लगने पाए, इसके लिए मतगणना पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखने की तैयारी है।
डूसू मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. डी. एस रावत के मुताबिक, मतगणना वाले दिन पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्र पर वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी मतगणना
इस तरह से मतगणना हॉल में हर ईवीएम से गिने गए वोटों का ब्योरा सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होता रहेगा। इसके लिए प्रशासन ने 6 कैमरों का इंतजाम किया है।
प्रो. रावत ने बताया कि इतना सब होने पर भी यदि किसी छात्र की नतीजों पर प्रश्नचिन्ह लगाए जाते हैं तो उसका हल शिकायत निवारण प्रकोष्ठ के माध्यम से किया जाएगा।
दरअसल, डूसू चुनाव में हारने के बाद प्रत्याशी मतगणना में गड़बड़ी होने का भी आरोप लगाते हैं। वर्ष 2012 में एबीवीपी व एनएसयूआई में एक पद को लेकर बराबरी पर मुकाबला रहा था। इस पर हंगामा भी खूब हुआ था और पुलिस बल का प्रयोग करना पड़ा था।