एग्जाम से पहले व्हाट्सएप पर वायरल हुआ डीयू का पेपर, रद्द हुई परीक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के बीए प्रोग्राम (अंग्रेजी) प्रथम वर्ष की परीक्षा का प्रश्न पत्र व्हाट्सऐप पर लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया।
एसओएल प्रशासन को परीक्षा शुरू होने के 40 मिनट पहले इस बात की जानकारी मिली कि इस परीक्षा का प्रश्न पत्र व्हाट्सऐप पर लीक हो गया है।
मामला परीक्षा विभाग के पास पहुंचने पर इसे आनन-फानन में रद्द कर दिया गया। परीक्षा विभाग ने पर्चा लीक मामले को लेकर मौरिस नगर थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है।
प्रश्न पत्र व्हाट्सऐप पर हो गया था वायरल
स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के निदेशक प्रो. सी.एस दुबे ने बताया कि जैसे ही व्हाट्सऐप पर पर्चा लीक होने की सूचना मिली तो परीक्षा रद्द कर इसकी सूचना छात्रों को दे दी गई।
राजधानी में 150 केंद्रों पर करीब 50 हजार परीक्षार्थी शामिल होने वाले थे। बीए अंग्रेजी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से 6 बजे के बीच होनी थी। परीक्षा शुरू होने से पहले 2 बजकर 20 मिनट पर ऐसी सूचना मिली कि प्रश्न पत्र व्हाट्सऐप पर वायरल हो गया है।
जांच करने पर पता चला कि सूचना सही है। इसके बाद परीक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी केन्द्रों पर परीक्षा रद्द करने की जानकारी भेजी।
एसएमएस से परीक्षा रद्द
प्रो दुबे ने बताया कि सभी छात्रों को एसएमएस के माध्यम से परीक्षा रद्द होने की सूचना भेज दी गई है। वहीं यह परीक्षा अब दोबारा 24 जून को सुबह 9 बजे से 12 बजे के बीच आयोजित होगी इसकी जानकारी भी छात्रों को दी जा रही है।
प्रो दुबे ने कहा कि इस तरह के मामले न हो इसके लिए हम काफी सुधारात्मक उपाय कर रहे हैं। संभवत: अगले साल से इस तरह की घटनाएं न हों। वहीं इस मामले में क्रांतिकारी युवा संगठन का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण प्रश्न पत्र लीक हुआ।
बड़ी संख्या में छात्र दूर-दूर से परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे और उन्हें आधा घंटे पहले पता चलता है कि पेपर लीक होने के कारण परीक्षा नहीं होगी।