मनपसंद कोर्स और कॉलेज के लिए दाखिले कराए रद्द, कटऑफ में 3 फीसदी की गिरावट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए दूसरी कटऑफ आते ही कॉलेजों में दाखिलों का दौर शुरू हो गया है। दूसरी कटऑफ मेें औसतन 0.25 से 3 फीसदी की गिरावट हुई है। काफी विद्यार्थियों ने पहले ही दिन दाखिले रद्द कराकर पहले से बेहतर कॉलेज व कोर्स में दाखिला लिया। हालांकि, कॉलेजों में बृहस्पतिवार को दाखिले की रफ्तार कम रही।
दूसरी कटऑफ लिस्ट के दाखिले शुरू होने पर कुछ कॉलेजों में दाखिले लेने वालों की कम, रद्द कराने वालों की भीड़ ज्यादा रही। इस कटऑफ लिस्ट में हुई गिरावट के कारण विद्यार्थियों के लिए नए दरवाजे खुल गए। इसलिए उन्होंने पहले से ज्यादा बेहतर कॉलेज में दाखिला लिया। दाखिला रद्द कराने का दौर अब प्रत्येक कटऑफ में जारी रहेगा। मालूम हो कि इस बार प्रशासन ने एक कटऑफ में एक बार ही दाखिला रद्द कराने का प्रावधान किया है। इस कटऑफ के दाखिले 5 और 6 जुलाई तक होंगे।
कॉलेजों में दाखिले व रद्द कराने की स्थिति
किरोड़ीमल कॉलेज
यहां दूसरी कटऑफ के पहले दिन दाखिले की रफ्तार पहली कटऑफ के मुकाबले में धीमी रही। पहली कटऑफ में जहां इस कॉलेज में 1223 सीटों के लिए 1133 दाखिले हो गए थे, वहीं दूसरी कटऑफ के पहले दिन विभिन्न पाठ्यक्रमों में मात्र 96 दाखिले हुए। विभिन्न कोर्सेज में 20 दाखिले रद्द हुए, जिसमें अंग्रेजी में 4, राजनीति शास्त्र में 4 व फिजिक्स-ऑनर्स में भी कुछ दाखिले रद्द हुए। कॉलेज में बृहस्पतिवार को बीए-ऑनर्स ईको में एक भी दाखिला नहीं हुआ। बीकॉम-ऑनर्स में बीती कटऑफ में एक भी दाखिला नहीं हुआ था। इस कटऑफ में प्रधानमंत्री स्कॉलरशिप के माध्यम से एक ही दाखिला हुआ। बताया जा रहा है कि कॉलेज ने बीकॉम-ऑनर्स की कटऑफ हंसराज कॉलेज के समान ही रखी है, इसलिए विद्यार्थी हंसराज को प्राथमिकता दे रहे हैं।
अरबिंदो कॉलेज
इस कॉलेज में कुल 1060 सीटों के लिए पहली कटऑफ व दूसरी कटऑफ के पहले दिन के दाखिले मिलाकर कुल 557 दाखिले हो गए। करीब 12 दाखिले रद्द हुए। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. विपिन अग्रवाल ने बताया कि कुछ कोर्सेज में सीटों से अधिक दाखिले हो रहे हैं, जिस कारण तीसरी कट-ऑफ में कुछ और कोर्सेज के दाखिले बंद करने पड़ेंगे।
राजधानी कॉलेज
यहां 1050 सीटों पर पहली कटऑफ में 244 दाखिले हुए थे, जबकि दूसरी कटऑफ के पहले दिन 178 दाखिले हुए। पहली कटऑफ से 24 विद्यार्थियों ने दाखिला रद्द कराया। यह विद्यार्थी दूसरे कॉलेज में दाखिला लेने पहुंचे। उनके यहां ज्यादा दाखिले अंग्रेजी, ईको व केमिस्ट्री-ऑनर्स में हुए हैं।
आर्यभट्ट में एक भी दाखिला नहीं हुआ रद्द
इस कॉलेज में बृहस्पतिवार को 50 दाखिले हुए। यहां 1061 सीटों पर अब तक 211 दाखिले हुए हैं। खास बात यह है कि इस कॉलेज में एक भी दाखिला रद्द नहीं हुआ। कॉलेज दाखिला समिति संयोजक राजेश द्विवेदी ने बताया कि उनके यहां शुक्रवार व शनिवार को भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
पहले ही दिन पोर्टल अटका
दूसरी कट ऑफ के पहले ही दिन दाखिला पोर्टल की रफ्तार धीमी हो गई। दोपहर को यह दिक्कत आई, जिस कारण दाखिले नहीं हो पाए और फीस भुगतान में भी परेशानी हुई। यह परेशानी कुछ कॉलेज को भुगतनी पड़ी। बाद में पोर्टल सुचारु चल गया।