दिल्लीः CBSE रिजल्ट में निजी स्कूलों से आगे निकले सरकारी स्कूल, शिक्षा मंत्री सिसोदिया खुश
शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने नकल रोके जाने के बावजूद सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 88.27 फीसदी रहने पर खुशी जाहिर की है। हालांकि, ये परिणाम 88.98 फीसदी था। मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमने नकल की सभी संभावनाएं रोकीं।
इसके बाद परिणाम करीब पिछले साल के बराबर रहा जो सुखद है। वहीं इससे भी सुखद यह है कि निजी स्कूलों के 79.27 फीसदी के मुकाबले दिल्ली सरकार के स्कूलों का पास प्रतिशत 9 फीसदी अधिक रहा है। सिसोदिया ने कहा कि टॉपर्स का सम्मान करेंगे।
मनीष सिसोदिया ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सरकारी स्कूलों के जिन बच्चों ने टॉप किया है, उनसे और परिजनों से बातचीत की। टॉपर्स ने 93 फीसदी से 97 फीसदी तक नंबर लिए हैं।
मनीष के अनुसार उनमें से एक बच्ची ने बताया कि उनके पिता छोटी सी दुकान चलाते हैं तो एक की मां ने बताया कि उनके घर तो इनवर्टर भी नहीं है। फिर भी हमारे बच्चे ने टॉप किया, ये सुखद है।
केवी से आगे दिल्ली सरकार के आरपीवीवी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्व में शिक्षक उस स्कूल में भेजे जाते थे, जहां उनके बच्चों का केंद्र होता था, इसमें कुछ नकल संभावना रहती थी। इस बार अर्धवार्षिक परीक्षा में साफ कर दिखा था कि नकल नहीं होने देंगे।
मनीष सिसोदिया ने इस बात पर खूब जोर दिया कि सरकारी स्कूलों को ठीक करना है। सरकारी स्कूलों पर पैसा अधिक खर्च किया, शिक्षकों प्रशिक्षण दिलाए, क्रिएटिव लर्निंग, चुनौती कार्यक्रम और नकल रोकने पर भी 12वीं परिणाम निजी स्कूलों से 9 फीसदी अधिक 88.27 फीसदी रहा।
पिछले साल दिल्ली सरकार के स्कूलों का परिणाम निजी से 2 फीसदी अधिक था, इस साल 9 फीसदी ज्यादा है। उससे पहले सरकारी स्कूलों का परिणाम निजी स्कूलों से नीचे होता था। शिक्षकों को कक्षा 6 से 8 तक चुनौती से सुधार और 12वीं का अच्छा परिणाम देने के लिए बधाई भी दी।
केवी से आगे दिल्ली सरकार के आरपीवीवी
दिल्ली सरकार के राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय (आरपीवीवी) के छात्रों ने फिर केंद्रीय विद्यालय के बच्चे से अच्छा परिणाम दिया है। शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय (केवी) का पास प्रतिशत 94.6 फीसदी रहा है जबकि आरपीपीपी के 99.7 फीसदी छात्र-छात्राएं पास हुई हैं। इसमें छात्रों के 82.5 फीसदी मुकाबले छात्राएं 92.8 फीसदी पास हुई हैं।
ये हैं सरकारी स्कूलों के संकाय टॉपर
सरकारी स्कूलों में विज्ञान संकाय में राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय (आरपीवीवी) यमुना विहार के विकास उपाध्याय ने 97 फीसदी, कॉमर्स में आरपीवीवी शालीमार बाग के गर्वित ने 96.2 फीसदी, कला संकाय में एसकेवी नांगलोई की ज्योति ने 94.8 फीसदी और वोकेशनल में ढांसा एसकेवी की हर्षिता ने 93 फीसदी के साथ टॉप किया है।
जब गरीबों और अमीरों, दोनों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलेगी तो बेहतर राष्ट्र का निर्माण होगा। दिल्ली के सरकारी स्कूलों निजी स्कूलों से बड़े अंतर से आगे रहे हैं। दिल्ली में शिक्षा क्रांति हो रही है। सभी बच्चों को बधाई। मैंने शिक्षकों को दो साल पहले कहा था कि आपका ख्याल रखना मेरा काम है, आप बच्चों को अच्छी शिक्षा देना। शिक्षकों ने कर दिखाया।- अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री।
- दिल्ली सरकार के स्कूलों में 33 छात्रों के किसी एक विषय में 100 फीसदी अंक आए हैं, पिछले साल 28 को मिले थे।
- दिल्ली सरकार के 554 स्कूल का परिणाम 90 फीसदी से ऊपर रहा है जबकि पिछले साल 547 स्कूल थे।
- दिल्ली सरकार के स्कूलों का परिणाम सीबीएसई के राष्ट्रीय परीक्षा परिणाम 82.29 फीसदी से 6 फीसदी अधिक 88.27 फीसदी है।
- दिल्ली सरकार के स्कूलों ने ना सिर्फ दिल्ली के निजी स्कूलों से अच्छा प्रदर्शन किया है बल्कि देशभर के निजी स्कूलों से अच्छा है। ये 79.29 फीसदी पास प्रतिशत देशभर के निजी स्कूलों का है। जबकि दिल्ली रीजन में निजी स्कूलों का पास प्रतिशत 84.20 फीसदी है, जो पिछले साल 86.67 फीसदी था।