आईपीयू में मिशन एडमिशन शुरू, 67 कोर्सेज की 33 हजार सीटें
गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2017-18 के लिए दाखिला प्रक्रिया का एलान कर दिया है। इसके साथ ही आईपीयू के 11 यूनिवर्सिटी स्कूल व 120 संबद्ध कॉलेजों में 33 हजार सीटों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है।
67 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के तहत कुछ कोर्सेज में 4 अप्रैल व कुछ कोर्सेज में 18 अप्रैल तक आवेदन की अंतिम तिथि है।
जबकि अन्य पाठ्यक्रमों की दाखिला प्रक्रिया के संबंध में प्रशासन जल्द ही जानकारी प्रदान करेगा। ऑनलाइन भुगतान के तहत पहले की भांति छात्रों को एक हजार रुपये का भुगतान करना होगा।
दाखिले नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) के जरिये होंगे
आईपीयू में 67 पाठ्यक्रमों के लिए शुरू हुई दाखिला प्रक्रिया के तहत 48 पाठ्यक्रमों में दाखिले आईपीयू की ओर से कराए जाने वाले कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) से होंगे। आईपीयू में चलने वाले 14 मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) के जरिये होंगे।
मेडिकल पाठ्यकमों में दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों को आईपीयू की वेबसाइट www.ipu.ac.in पर उपलब्ध दाखिला फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कराना होगा। वहीं तीन पाठ्यक्रमों एमबीए (वीकेंड), एलएलएम (वीकेंड) व पीजी डिप्लोमा इन वूमेन इम्पॉवरमेंट के लिए सीईटी नहीं होगा। इन पाठ्यक्रमों में दाखिले अंतिम परीक्षा में प्राप्त अंकों ,साक्षात्कार के आधार पर लिए जाएंगे।
एमटेक बायोटेक्नोलॉजी में गेट स्कोर के आधार पर दाखिले लिए जाएंगे। बैचलर ऑफ आर्किटेक्ट के लिए दाखिला प्रक्रिया जल्द घोषित की जाएगी। इस पाठ्यक्रम में दाखिले नाटा के स्कोर और अंतिम परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर होंगे। प्रशासन ने दाखिला ब्रॉशर, आवेदन के लिए ऑनलाइन लिंक, सीईटी शेड्यूल, आवेदन की अंतिम तिथि व अन्य जानकारी आईपीयू की वेबसाइट www.ipu.ac.in पर उपलब्ध करा दी है।