जल्द ही 25 नये स्कूलों में होगी पढ़ाई की व्यवस्था : मनीष सिसोदिया
दिल्ली सरकार के स्कूलों में द्वितीय चरण में 4200 कमरों का निर्माण किया जाएगा। 25 नए स्कूलों का निर्माण कार्य अगले कुछ महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।
इन भवनों में आवश्यकता पड़ने पर दो पाली में 50 स्कूल खोले जाएंगे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने विधानसभा में भाजपा विधायक जगदीश प्रधान के सवालों का जवाब देते हुए यह जानकारी दी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन 25 विद्यालयों के अलावा 28 स्थानों पर स्कूल खोले जाने का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी को भेज दिया गया है। पहले चरण में 8 हजार अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण कार्य चल रहा है।
दिल्ली सरकार ने 54 स्कूलों को पॉयलट स्कूल बनाने का प्रस्ताव दिया
दूसरे चरण में लगभग 4200 अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण किया जाएगा। दिल्ली सरकार ने 54 स्कूलों को पॉयलट स्कूल बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया है। इन स्कूलों को आधुनिक बनाया जाएगा। इन योजनाओं पर 1464 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
दिल्ली सरकार 46 स्थानों पर नए स्कूल खोलने के लिए योजना बना रही है। 18 स्कूलों के लिए ग्राम सभा से जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। इसके अलावा 16 स्थानों पर ग्राम सभा से जमीन लेकर शिक्षा विभाग को भेजा गया है।
12 अन्य स्थलों पर निर्माण का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि हिंदी टेक्सट बुक 70 प्रतिशत बच्चे नहीं पढ़ पाते है। 46 प्रतिशत बच्चे दूसरी कक्षा के टेक्सट बुक नहीं पढ़ पाते है। बच्चे पढना नहीं सीखेंगे तो प्रगति कैसे होगी। दिल्ली सरकार ने पहली बार शिक्षा पर एक्शन प्लान तैयार किया है।