योगी आदित्यनाथ ने बदरीनाथ धाम में किया उत्तर प्रदेश पर्यटक आवास गृह का शिलान्यास, ये है खासियत
- चार हजार वर्गमीटर पर बनेगा यूपी का पर्यटन आवास गृह
- बदरीनाथ धाम आने वाले पर्यटकों को मिलेंगी उच्च स्तरीय आवासीय एवं खानपान की सुविधाएं
- 11 करोड़ रुपये की लागत से पहाड़ी शैली में बनेगा पर्यटन आवास गृह
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदरीनाथ धाम में उत्तर प्रदेश पर्यटक आवास गृह का शिलान्यास किया। मंगलवार को वह बदरीनाथ धाम में पहुंचे थे और यहां आवास गृह का शिलान्यास किया। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी उनके साथ मौजूद रहे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक वर्ष में आवास गृह का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश के श्रद्धालुओं को यहां पर पर्यटन और आवास की बेहतर सुविधा दी जाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार उत्तराखंड सरकार के साथ विकास और पर्यटन की सभी संभावनाओं के साथ मिलकर कार्य करेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के कारण मुझे कई वर्षों के बाद भगवान बदरी-केदार के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि आज की आवश्यकता के अनुरूप उत्तराखंड के चारों धामों का विकास जिस नई ऊंचाइयां छू रहा है।
उत्तराखंड मेरे लिए नया क्षेत्र नहीं है, यह मेरी जन्मभूमि है। मैंने अपना बचपन उत्तराखंड में ही बिताया है। उत्तराखंड आने पर आनंद की अनुभूति होती है। तीन दिनों से तीर्थस्थलों के दर्शनों के साथ ही यहां के पकवानों का भी आनंद ले रहा हूं।
'उत्तर प्रदेश के पर्यटन आवास गृह का शिलान्यास एक बड़ी उपलब्धि'
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बदरीनाथ धाम में उत्तर प्रदेश के पर्यटन आवास गृह का शिलान्यास एक बड़ी उपलब्धि है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दौरान सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यूपी के सीएम को प्रतीक चिह्न और शॉल भेंट किया।
बदरीनाथ धाम आने वाले तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को अब उच्च स्तरीय आवास एवं खानपान की सुविधाएं मिलेंगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से बदरीनाथ धाम में चार हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में पर्यटन आवास गृह का निर्माण किया जाएगा। इसकी लागत लगभग 11 करोड़ रुपये है।
बदरीनाथ में हेलीपैड व राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप चार हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन आवास गृह का निर्माण किया जाएगा।
पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी
इससे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों को बदरीनाथ धाम में ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी। हालांकि, उत्तराखंड पर्यटन विभाग की ओर से भी यहां पर पर्यटन आवास गृह की सुविधा है, लेकिन यात्रा सीजन के दौरान तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ने पर ठहरने की व्यवस्था कम पड़ जाती थी।
जिससे पर्यटकों को दर्शन करने के बाद वापस जोशीमठ आना पड़ता था। यूपी पर्यटन आवास गृह में पर्यटकों के लिए 40 कमरों बनाए जाएंगे। इसमें दिव्यांगों के लिए अलग से कमरों की व्यवस्था होगी।
जिससे दिव्यांग पर्यटक आसानी से कमरे तक पहुंच सकें। भवन का निर्माण पहाड़ी शैली में होगा। जिसमें रेस्टोरेंट, कांफ्रेंस हाल, पार्किंग, डोरमेट्री होगी।