फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Chamoli News ›   uttarakhand weather update: highway update tourist stuck in dhanaulti

उत्तराखंडः पिथौरागढ़ में तीन दिन से बर्फ में फंसे ट्रक ड्राइवर को रेस्क्यू कर बचाया

Fri, 10 Jan 2020 03:36 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Fri, 10 Jan 2020 03:36 PM IST
विज्ञापन
uttarakhand weather update: highway update tourist stuck in dhanaulti
तीन से बर्फ में फंसा था ड्राइवर - फोटो : अमर उजाला

राजधानी देहरादून में शुक्रवार को चटख धूप खिली। लेकिन ठंडी हवाओं ने गलन का अहसास कराया। वहीं धनोल्टी में मार्ग बंद होने के कारण पर्यटक अभी भी होटलों में कैद हैं।  उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में 400 से अधिक गांव अभी भी बर्फ में कैद हैं। दर्जनों सड़कें बर्फ से ढकी हैं, बिजली और पानी की सप्लाई ठप पड़ी है।

विज्ञापन


मसूरी में बर्फबारी के बाद पाला पड़ने से फिसलन बढ़ गई है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। वहीं आज सुबह बर्फबारी के बाद बढ़ी फिसलन के कारण मसूरी से दो किमी. नीचे पेट्रोल पंप तक ही वाहन आए, हालांकि दोपहर बाद देहरादून-मसूरी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही होने लगी। सुबह यह रास्ता बंद कर दिया गया था। मसूरी में फंसे 600 पर्यटकों को कल रात निकाल लिया गया। मसूरी के वाहनों की आवाजाही के बाद कई बार जाम की स्थिति भी बनी।
विज्ञापन


पिथौरागढ़ में तीन दिन से बर्फ में फंसे ट्रक ड्राइवर को रेस्क्यू कर बचाया। थल-मुनस्यारी सड़क में चार फीट बर्फ में ट्रक के साथ धरमघर के महरगाड़ी निवासी ट्रक चालक दिवान सिंह भी फंसे थे।चार से पांच फीट बर्फ में ईको पार्क से मुनस्यारी पहुंचने में छह घंटे लगे। बृजेश धर्मशक्तू, राजेंद्र कोरंगा और कुंदन हरकोटिया ने रेस्क्यू कार्य किया। दो दिन पूर्व बृजेश धर्मशक्तू ने बर्फ में फंसी महिला और उसके दो बेटों को भी सुरक्षित रिश्तेदार के घर पहुंचाया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


चंबा-धनोल्टी सड़क मार्ग बर्फ के कारण अभी भी बंद 


चंबा-धनोल्टी सड़क मार्ग बर्फ के कारण अभी भी बंद है। जिस कारण अभी भी धनोल्टी और आसपास के इलाकों में भी करीब 250 पर्यटक होटलों में कैद हैं। रास्ता बंद होने की वजह से उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका। वाहनों का संचालन न होने के कारण लोग अभी चंबा-धनोल्टी मार्ग पर आवागमन नहीं कर पा रहे हैं। शाम तक रास्ता खुलने की उम्मीद है।


नई टिहरी, रुद्रप्रयाग, यमुनोत्री घाटी, चमोली में चटक धूप खिली हुई। रुद्रप्रयाग जनपद में बर्फबारी प्रभावित गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। बद्रीनाथ एवं गौरीकुंड राजमार्ग खुले हैं। कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर राजमार्ग बर्फ के कारण बंद हैं। यमुनोत्री हाईवे अभी भी बाधित है। चमोली जिले में ठंड से राहत मिली है। जिससे बर्फ से बंद सड़कों के खोलने में तेजी आएगी।

अगले तीन दिन परेशानी बढ़ाएगा शीतलहर और कोहरा

तीन दिन की बारिश के बाद राजधानी में बृहस्पतिवार की सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई। इसके बाद करीब दस बजे धूप खिल गई। दिन में तेज धूप की वजह से ठंड से कुछ राहत मिली। अब अगले तीन दिन शीतलहर और कोहरा परेशानी बढ़ाएगा।

मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को भी मौसम खुला रहेगा। कहीं बारिश की संभावना नहीं है। सुबह को घना कोहरा आ सकता है। 10, 11 और 12 जनवरी को देहरादून और आसपास के इलाकों में शीतलहर चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।

तीन घंटे बंद रहा ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे 

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बृहस्पतिवार को व्यासी से अटाली होटल के बीच पहाड़ी दरकने से बड़ी मात्रा में बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गया। इसके बाद सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों का लंबा जाम लग गया। आननफानन एनएच विभाग ने पोकलैंड की सहायता से मलबे को हटाने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए केवल सिंगल रैंप तैयार किया जा सका।

कई जगह बिजली और संचार सेवा ठप

कुमाऊं के चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में बुधवार रात से बृहस्पतिवार तड़के तक हुई भारी बर्फबारी और बारिश लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। कई इलाकों में सड़कें बंद हैं तो कई जगह बिजली और संचार सेवा ठप है।

आरतोला में पटोरिया टेलीफोन एक्सचेंज के मजदूर की ठंड से मौत हो गई। शव बर्फ में दबा मिला है। तराई-भाबर में कल रात हुई बारिश के बाद बृहस्पतिवार सुबह धूप खिली लेकिन ठंड से छुटकारा नहीं मिला।

चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत में बृहस्पतिवार सुबह जब लोगों की आंख खुली तो धरा बर्फ की चादर ओढ़े नजर आई। बर्फबारी के कारण थल-मुनस्यारी सड़क छठे दिन भी बंद रही। सीमांत के दारमा, चौंदास, ब्यास सहित छिपला केदार घाटी के दर, बोंगलिंग, नागलिंग, दुग्तु, दांतु में तीन फीट तक हिमपात हुआ है। तिदांग और कुटी पोस्ट में आईटीबीपी जवानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

चौबटिया में साल का पहला हिमपात

टनकपुर-पिथौरागढ़ निर्माणाधीन बारहमासी मार्ग मलबा आने के कारण आठ घंटे से अधिक बंद रहा। चंपावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट, कनालीछीना, बेड़ीनाग आदि क्षेत्र में करीब ढाई लाख की आबादी को बिना बिजली के रहना पड़ा। यहां सैकड़ों गांवों में अंधेरा छाया हुआ है। लोहाघाट में पेड़ गिरने से पांच घंटे तक मार्ग बंद रहा। 

बागेश्वर जिले में पिछले पांच दिन हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते बागेश्वर-गिरेछीना समेत कई सड़कें बंद हैं। पेड़ गिरने से कई जगह बिजली लाइनें टूट गई हैं। शामा, भनार, रमाड़ी, नामती चेटाबगड़ समेत 55 गांवों और पिंडारी रूट पर 25 गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप रही।

रानीखेत के चौबटिया में सीजन का दूसरा और साल का पहला हिमपात हुआ। नैनीताल में निचले क्षेत्रों में तीन से चार इंच और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नौ से 10 इंच तक हिमपात हुआ। बर्फबारी से बुधवार रात से शहर में बिजली गुल हो गई थी। बृहस्पतिवार सुबह पेयजल सप्लाई भी ठप रही। 

भगवानपुर में पांच घंटे जाम

रुड़की के भगवानपुर में बृहस्पतिवार को भी लोगों को जाम से दो चार होना पड़ा। वह भी एक या दो नहीं, बल्कि पांच घंटे। मक्खनपुर के पास सर्विस रोड पर एक वाहन के दलदल में धंसने से करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे लोग हलाकान रहे। आलम यह था कि पुलिस सूचना दिए जाने के दो घंटे बाद पहुंची। सुबह सुबह जाम लगने से जहां कई लोग अपनी ड्यूटी पर समय से नहीं पहुंच सके, वहीं दूध की आपूर्ति भी प्रभावित हुई।


दिक्कत बुधवार की रात से ही शुरू हो गई थी। रात भर बारिश के कारण भगवानपुर हाईवे की सर्विस रोड पर दलदल हो गया था। इस पर वाहन मुश्किल से पास हो रहे थे। बृहस्पतिवार को सुबह करीब आठ बजे एक ट्रक देहरादून से रुड़की की तरफ आ रहा था, जैसे ही यह ट्रक मक्खनपुर के पास पहुंचा, तभी अचानक से दलदल में धंस गया। इसके धंसते ही पीछे लंबा जाम लग गया। एक साइड जाम लगने से वाहन चालकों ने सर्विस रोड की दूसरी साइड से वाहनों को निकालना शुरु किया। ऐसे में दूसरी साइड भी जाम हो गई।


जब एक घंटे तक जाम नहीं खुला तो लोगों ने पुलिस को फोन किया। पुलिस भी करीब दो घंटे बाद पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए रुड़की की ओर आ रहे और देहरादून की ओर जा रहे वाहनों को दूसरे रास्ते से भेजना शुरू किया। इसके बाद धंसे वाहन को निकाला गया, तब कहीं करीब पांच घंटे बाद दोपहर एक बजे के आस पास जाम खुल पाया। जाम लगने के कारण क्षेत्र में जहां दूध की आपूर्ति पर असर पड़ा, वहीं देहरादून और सहारनपुर ड्यूटी पर जाने वाले भी समय से काम पर नहीं पहुंच सके। पुलिस की सख्ती के बाद सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार ने सड़क के किनारे का दलदल हटवाने के साथ ही सड़क के गड्ढे भरे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed