Weather Today : मसूरी-देहरादून और चारधाम यात्रा मार्ग सुचारू, गोविंदघाट-पुलमा मार्ग मलबा आने से बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को भी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है। बाकी अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले हफ्ते कुछ दिन कई इलाकों में भारी बारिश के दौर हो सकते हैं। वहीं आज भी चारधाम यात्रा मार्ग सुचारू है। हालांकि सुबह दो घंटे के लिए बदरीनाथ हाईवे क्षेत्रपाल में बंद हुआ था।
मसूरी देहरादून मार्ग सुचारू
मसूरी देहरादून मार्ग पर सोमवार को देर शाम को हुए भारी भूस्खलन के बाद आए मलबे और पत्थर को लोक निर्माण विभाग द्वारा जेसीबी के माध्यम से हटाकर यातायात को सुचारू किया गया। परंतु लगातार पहाड़ से गिर रहे पत्थर के कारण लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कत पेश आ रही है। सुरक्षा की दृष्टि से भूस्खलन वाले क्षेत्र के दोनों ओर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं जो वाहनों को एक एक कर के भूस्खलन वाले क्षेत्र से निकाल रहे हैं।
गोविंदघाट-पुलमा मार्ग मलबा आने से बंद, पैदल जा रहे यात्री
गोविंदघाट-पुलना मार्ग मलबा आने से बंद हो गया है। ऐसे में हेमकुंड साहिब जाने वाले यात्री पैदल ही सफर तय कर रहे हैं। मार्ग खोलने के लिए लोनिवि ने जेसीबी लगा दी है।
हेमकुंड साहिब जाने के लिए गोविंदघाट से पुलना तक करीब तीन किमी सड़क है। हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जाने वाले यात्री व पर्यटक पुलना तक सड़क मार्ग से जाते हैं जबकि उसके आगे का रास्ता पैदल है। सोमवार रात को गोविंदघाट से करीब डेढ़ किमी आगे सड़क पर मलबा आने से मार्ग बंद हो गया, जिससे यहां वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। गोविंदघाट के थाना प्रभारी बृजमोहन राणा ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए जेसीबी लग दी गई है। फिलहाल यात्री और पुलना के ग्रामीण पैदल ही जा रहे हैं। जल्द मार्ग खोल दिया जाएगा।
मौसम साफ हुआ तो बढ़ने लगे तीर्थयात्री
बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे बंद होने से यहां आने वाले यात्रियों की संख्या नाम मात्र की रह गई थी। पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ होने का असर बदरीनाथ यात्रा पर भी नजर आ रहा है।
मौसम साफ होने पर सोमवार को बदरीनाथ में 272 यात्री पहुंचे, जबकि केदारनाथ जाने वाले यात्रियों की संख्या 106 रही। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश चंद्र गौड़ के अनुसार बदरीनाथ में अब तक 12409 और केदारनाथ में 6929 यात्री पहुंच चुके हैं। आगे भी मौसम साफ रहने पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।