Car Accident: चमोली में अनियंत्रित कार खाई में गिरी, दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत और तीन घायल
चमोली जिले के देवाल ब्लॉक में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है।
विस्तार
शनिवार सुबह करीब चार बजे लोहाजंग सड़क पर ल्वाणी के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें बांक गांव के एक परिवार के तीन लोगों की अकाल मौत हो गई। जबकि एक छह वर्षीय बच्चा समेत तीन अन्य घायल हो गए। सभी लोग गांव में अपने परिजन की मौत पर अंत्येष्टि में शामिल होने देहरादून से गांव आ रहे थे।
विकासखंड के बांक गांव के बुजुर्ग भजन सिंह की बीमारी का उपचार देहरादून में चल रहा था। गांव के खुशाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को शाम को भजन सिंह का निधन हो गया। उनके परिवारजन भजन का शव एंबुलेंस में और खुद दो कारों में सवार होकर बांक गांव के लिए आ रहे थे। शव लेकर आ रही एंबुलेंस देर रात एक बजे गांव पहुंचा, लेकिन ऋषिकेश में लगे जाम के कारण साथ में चल रहे बलबीर सिंह शनिवार को छह लोगों के साथ करीब चार बजे सुबह ल्वाणी के पास पहुंचे, यहां उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब चार सौ मीटर खाई में गिरी।
जिसमें बांक गांव के एक ही परिवार के बलवीर सिंह पुत्र नारायण सिंह (50), शांति देवी पत्नी बलवीर सिंह (38), आशीष पुत्र बलवीर सिंह (19) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं इसी गांव के कविता देवी पत्नी खुशाल सिंह (28), रोशनी पुत्री लक्ष्मण सिंह (19) , मयंक पुत्र खुशाल सिंह (6) पर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस व प्राइवेट वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया। यहां तीनों घायलों का उपचार के बाद एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
ये भी पढे़ं...Roorkee: होटल में मिले युवक-युवती के शव, एक दिन पहले बुक कराया था कमरा, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका
घायलों को लेने एयर एंबुलेंस व एम्स मेडिकल टीम करीब 10:45 में संगम मैदान पहुंची, एम्स की मेडिकल टीम ने करीब 15 मिनट उपचार के बाद घायलों को एम्स ले गए। वहीं तीनों मृतकों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में पोस्ट मार्टम कर शव को उनके परिजनों का सौंप दिया गया। तहसीलदार अक्षय पंकज, थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया, पूर्व विधायक डॉ. जीतराम, जिपंस उर्मिला बिष्ट, डीडी कुनियाल, महावीर बिष्ट , इंद्र सिंह राणा, डॉ कृपाल भंडारी, त्रिलोक बिष्ट आदि ने घटना पर दुख जताया है।