Valley Of Flowers: अगले तीन दिन पर्यटकों के लिए बंद रहेगी फूलों की घाटी, बारिश को देखते हुए लिया निर्णय
विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी के दीदार के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ रहा है। अभी तक रिकॉर्ड 19852 पर्यटक फूलों की घाटी के दीदार के लिए पहुंचे हैं।
विस्तार
मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए फूलों की घाटी में आवाजाही तीन दिनों के लिए बंद कर दी गई है। वहीं रुद्रनाथ यात्रा को भी दो दिनों के लिए रोक दिया गया है। दोनों पर्यटक और धार्मिक स्थल उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित हैं। डीएफओ ने बृहस्पतिवार सुबह यह आदेश जारी किया।
बृहस्पतिवार को फूलों की घाटी जाने के लिए यहां करीब 50 पर्यटक टिकट लेने गए थे लेकिन उन्हें वापस भेज दिया गया। फूलों की घाटी के वन क्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि घाटी को तीन दिनों (बृहस्पतिवार से शनिवार) तक पर्यटकों के लिए बंद किया गया है।
उधर, रुद्रनाथ यात्रा पर भी शुक्रवार और शनिवार के लिए रोक लगाई गई है। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के उपवन संरक्षक इंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। शनिवार तक दोनों जगह पर आवाजाही बंद रहेगी। उसके बाद मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा
PHOTOS: गोल्डन फर्न हटाते ही घाटी में खुशबू बिखेरने लगे रंग-बिरंगे फूल, बड़ी संख्या में पहुंच रहे पर्यटक
इस साल पहुंचे रिकॉर्ड पर्यटक
विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी के दीदार के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ रहा है। अभी तक रिकॉर्ड 19852 पर्यटक फूलों की घाटी के दीदार के लिए पहुंचे हैं, जबकि 2019 में इस समय तक सर्वाधिक 17,424 पर्यटक घाटी में पहुंचे थे। फूलों की घाटी 31 अक्तूबर को बंद हो जाएगी। फूलों की घाटी में इस बार पर्यटकों की पूरे सीजन में चहल-पहल बनी रही। एक जून को घाटी पर्यटकों के लिए खोल दी गई थी।