जरूरी खबर: प्रवक्ता संवर्ग परीक्षा में किया गया बदलाव, अब दो परीक्षाओं से होगा चयन
- उत्तराखंड लोक सेवा आयोग विशेष अधीनस्थ शिक्षा प्रवक्ता संवर्ग परीक्षा में किया गया बदलाव
- परीक्षा के आवेदन की तिथि भी बढ़ी, त्रुटिपूर्ण आवेदन को निरस्त कर दोबारा आवेदन का मौका
विस्तार
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की विशेष अधीनस्थ शिक्षा प्रवक्ता संवर्ग परीक्षा में बदलाव कर दिया गया है। आयोग ने अब इसके चयन के लिए पहले स्क्रीनिंग परीक्षा और फिर लिखित परीक्षा का प्रावधान कर दिया है। इसके साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है।
आयोग ने बीते दिनों प्रवक्ता भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। विज्ञापन में भर्ती की प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा का प्रावधान किया गया था। अब आयोग ने इस नियम में बदलाव कर दिया है।
आयोग के सचिव कमेंद्र सिंह की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक, कोरोना के चलते परीक्षा का पैटर्न बदला गया है। अब पहले वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की स्क्रीनिंग परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों की विषयवार वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की ही लिखित परीक्षा कराई जाएगी।
इसके आधार पर चयन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया है कि जिन उम्मीदवारों ने अपने आवेदन में गलती कर दी है, वह आवेदन को निरस्त कर सकते हैं। इसके लिए आयोग की वेबसाइट पर कैंसल का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
आवेदन निरस्त करने के बाद वह नए सिरे से 30 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के बाद अपने नए आवेदन की प्रति और स्व: प्रमाणित प्रमाण पत्रों की छायाप्रति 15 जनवरी तक आयोग के कार्यालय में भेजनी होगी। बाकी शर्तें पूर्व की भांति ही रहेंगी।