उत्तराखंड: प्रदेश में मेडिकल पीजी की सीटें भरनी हुईं मुश्किल, एचएनबी ने बढ़ाई एडमिशन की तारीख
- अब तक 184 में से 121 छात्रों ने जमा कराई विवि की फीस, आधे से ज्यादा के दाखिले कंफर्म नहीं
- नोन क्लीनिकल सीटों की डिमांड न होने से कॉलेज संचालक भी परेशान
- एचएनबी मेडिकल विवि ने दाखिलों की तिथि 12 से बढ़ाकर 15 मई की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में मेडिकल एमडी, एमएस, एमडीएस की सीटें भरनी मुश्किल हो गई हैं। पहले चरण में अब तक 184 में से 121 छात्रों ने ही विवि की फीस जमा कराई है। इनमें से कई छात्रों ने दाखिला ही नहीं लिया है। लिहाजा, एचएनबी मेडिकल विवि ने दाखिलों की तिथि 12 मई से बढ़ाकर अब 15 मई कर दी है। एचएनबी मेडिकल की ओर से मई के प्रथम सप्ताह में नीट पीजी प्रथम चरण की काउंसिलिंग के तहत 184 सीटें आवंटित की थीं। खबर लिखे जाने तक इनमें से 121 छात्रों ने विवि की फीस जमा कराई है। जबकि इनमें से करीब 40 छात्रों ने कॉलेजों की फीस जमा कराई है।
खासतौर से नोन क्लीनिकल कैटेगरी जैसे-एनाटमी, फिजियोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फार्माकोलॉजी, कम्यूनिटी मेडिसिन, पैथोलॉजी आदि की सीटों पर दाखिले का रुझान काफी कम देखने को मिल रहा है। केवल क्लीनिकल जैसे-सर्जरी, ईएनटी, ऑब्स एंड गायनी, रेडियोलॉजी, ऑप्थोमैलॉजी, स्किन आदि विषयों की सीटों पर दाखिले के लिए छात्र आगे आए हैं। इसके पीछे भारी फीस और लॉकडाउन में बजट की कमी को माना जा रहा है।
इसके अलावा ऑल इंडिया स्तर की द्वितीय चरण की काउंसिलिंग को लेकर भी रुझान में कमीं देखने को मिल रही है। कम रुझान और मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी की ओर से राहत मिलने के बाद एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी ने दाखिलों की तिथि बढ़ा दी है। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि अब छात्र 12 की बजाय 15 मई तक ऑनलाइन एडमिशन ले सकते हैं।
किस कॉलेज में कितनी सीटें आवंटित, कितनों की फीस भरी
एचएनबी मेडिकल विवि के कुलपति प्रो. हेमचंद्र ने बताया कि जो छात्र ई-चालान के माध्यम से विवि का शुल्क जमा कराना चाहते हैं, वह 14 मई तक करवा सकते हैं।
- हिमालयन मेडिकल कॉलेज, जौलीग्रांट : 81 सीटें आवंटित, 49 ने विवि की फीस भरी, 49 एडमिशन कंफर्म नहीं।
- एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज, देहरादून : 64 सीटें आवंटित, 41 ने विवि की फीस भरी, 22 एडमिशन कंफर्म नहीं।
- दून मेडिकल कॉलेज देहरादून : तीन सीटें आवंटित, तीनों ने विवि की फीस भरी, तीन एडमिशन कंफर्म नहीं।
- राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी : 25 सीटें आवंटित, 19 ने विवि की फीस भरी, 16 एडमिशन कंफर्म नहीं।
- सीमा डेंटल कॉलेज, ऋषिकेश : 10 सीटें आवंटित, आठ ने विवि की फीस भरी, एक एडमिशन कंफर्म नहीं।
- उत्तरांचल डेंटल कॉलेज, देहरादून : एक सीट आवंटित, एक ने विवि की फीस भरी,कंफर्मेशन की जानकारी नहीं।