उत्तराखंड: नोएडा से औली घूमने आए जम्मू-कश्मीर के पर्यटक का शव गोरसों टॉप से मिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में दोस्तों के साथ औली आए जम्मू कश्मीर के एक 22 वर्षीय युवक का शव रविवार को बरामद किया गया। युवक अपने पांच दोस्तों के साथ औली में सैर-सपाटे के लिए आया था।
जानकारी के अनुसार,अवनीश सिंह पुत्र अनिल निवासी कोहरबना जिला भदोई(उतर प्रदेश) ने जोशीमठ थाने में युवक के नहीं मिलने की सूचना दी थी। गायब होने की सूचना पर खोजबीन कर रही पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम ने गोरसों टॉप पर युवक का शव बरामद किया।
अवनीश कुमार ने बताया कि वे सभी नए साल का जश्न मनाने के लिए एक जनवरी को नोएडा से औली आए थे। वे सभी नोएडा में पढ़ाई कर रहे थे। शनिवार को वे बर्फ देखने के लिए गोरसों टॉप घूमने गए थे। उनका एक साथी उदयोत शर्मा पुत्र सुधेश शर्मा निवासी ऊधमपुर, जम्मू कश्मीर शनिवार शाम उनसे बिछड़ गया था। उसके बाद बहुत खोजबीन करने पर भी वह नहीं मिला।
पुलिस ने युवक के लापता होने की खबर एसडीआरएफ की टीम को दी और टीम युवक की खोज के लिए रविवार सुबह ही रवाना हो गई थी। थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि खोजबीन करने के बाद रविवार शाम को युवक का शव बरामद कर लिया गया है।
बता दें कि इस समय औली में बर्फ नहीं है। इसलिए बड़ी संख्या में पर्यटक औली के बाद बर्फ देखने के लिए गोरसों जा रहे हैं। नए साल पर भी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने औली और गोरसों का रुख किया था।
यूपी का पर्यटक घायल, अस्पताल में भर्ती
औली पहुंचा यूपी का एक पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 सेवा वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ पहुंचाया गया। यूपी के सीतापुर निवासी सुधाकर शुक्ला औली में दस नंबर टावर के समीप पांव फिसलने के कारण स्लोप पर गिर गया। पत्थर से सिर टकराने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुधाकर के साथियों ने घटना की सूचना 108 सेवा वाहन को दी, जिसके बाद उसे जोशीमठ अस्पताल में भर्ती किया गया
फरवरी में भी औली से मिला था ग्रेटर नोएडा के युवक का शव
साल 2020 फरवरी में भी औली घूमने आए ग्रेटर नोएडा के एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया था। युवक का शव दस नंबर टावर से लगभग डेढ़ किमी दूर 15 दिन बाद पडियार मंदिर के मंडप में पड़ा मिला था।
26 जनवरी को मयंक गुप्ता (25) पुत्र प्रमोद गुप्ता, निवासी-सेक्टर 77, ग्रेटर नोएडा, यूपी औली घूमने आया था। संपर्क नहीं होने पर जब परिजन उसे ढूंढने पहुंचे तो उसकी बाइक जोशीमठ में रोपवे की पार्किंग में खड़ी मिली थी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। तब जाकर युवक का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने ठंड से मौत होने की आशंका जताई थी।