उत्तराखंड चुनाव 2022: मौसम बिगड़ा तो चुनाव होगा चुनौती, चमोली में फरवरी तक जारी रहता है बर्फबारी का दौर
मौजूदा समय में चमोली जनपद में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। 15 से अधिक गांव बर्फ से ढक गए हैं। जनवरी से लेकर फरवरी माह तक लगातार बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधानसभा चुनाव की तिथि घोषित होने के साथ ही जिला निर्वाचन विभाग भी चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। उत्तराखंड में फरवरी माह में चुनाव संपन्न होंगे। अमूमन फरवरी माह तक चमोली जनपद के ऊंचाई वाले गांव बर्फ से ढके रहते हैं। ऐसे में इन गांवों के पोलिंग बूथों तक पहुंचने के लिए पोलिंग पार्टियों को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
जनपद में प्रशासन के आंकलन के अनुसार 100 से अधिक हिमाच्छादित पोलिंग बूथ हैं। मौजूदा समय में चमोली जनपद में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। 15 से अधिक गांव बर्फ से ढक गए हैं। जनवरी से लेकर फरवरी माह तक लगातार बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहता है। वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव के तहत 15 फरवरी को मतदान हुआ था।
Uttarakhand Election 2022: उत्तराखंड में चुनावी बिगुल बजा, मतदाता के हाथ इनाम और सजा
चुनाव के दौरान बर्फबारी कम हुई थी, जबकि चुनाव संपन्न होने के बाद 21 फरवरी से जबरदस्त बर्फबारी हुई थी। वर्ष 2018 को भी फरवरी माह में बर्फबारी हुई थी। जबकि 2019 में भी पूरे फरवरी माह में बर्फबारी का दौर रहा। 2020 में भी ऊंचाई वाले गांवों में बर्फबारी होने से कड़ाके की ठंड का कहर रहा। ऐसे में इस बार भी निर्वाचन विभाग की फरवरी माह में मौसम पर नजरें टिकी रहेंगी।
बर्फ और ठंड से निपटने की चुनौती
जनपद के ग्राम पंचायत पाणा, ईराणी, झींझी, घूनी, रामणी, पल्ला, जखोला, हरमल, चोटिंग, वाण, देवाल, डुमक, कलगोठ, सुरांईथोटा, भलगांव, तोलमा, रिंगी, करछों, तुगासी, पांडुकेश्वर, उर्गम, सुतोल, कनोल, मोहनखाल, थाला, गैरसैंण सहित कई अन्य ऊंचाई वाले गांव बर्फबारी होने पर बर्फ से ढक जाते हैं।
यदि चुनाव के दौरान भी बर्फबारी होती है तो पोलिंग पार्टियों को पहली चुनौती पैदल मार्ग की है, जबकि दूसरी बर्फ और ठंड से निपटने की होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी हिमांशु खुराना का कहना है कि हिमपात प्रभावित क्षेत्रों में पोलिंग पार्टियों को सकुशल पहुंचाने और मतदान की पूरी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग को भी लगाया जाएगा।
जनपद में लगभग 107 हिमपात प्रभावित पोलिंग बूथ चिह्नित हैं। कुछ दूरस्थ पोलिंग बूथों पर दो दिन पहले ही पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया जाएगा।