फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Chamoli News ›   Uttarakhand budget session 2020: Government Will pass budget on 26th march in gairsain

उत्तराखंड बजट सत्र 2020: विपक्ष को एक और झटका, भराड़ीसैंण में 26 मार्च को बजट पास कराएगी सरकार

Thu, 05 Mar 2020 10:03 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भराड़ीसैंण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भराड़ीसैंण Published by: अलका त्यागी Updated Thu, 05 Mar 2020 10:03 PM IST
सार

  • 25 से 27 मार्च के बीच चलेगा सदन, बाहर जश्न का माहौल, सदन में हंगामा

विज्ञापन
Uttarakhand budget session 2020: Government Will pass budget on 26th march in gairsain
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत - फोटो : फाइल फोटो

विस्तार

उत्तराखंड में गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित करने के मास्टर स्ट्रोक के बाद बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार ने विपक्ष के एक और मुद्दे को धराशायी कर दिया। सरकार इसी सत्र और भराड़ीसैंण में 26 मार्च को बजट पास करवाएगी।

विज्ञापन


कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सात मार्च तक सदन को जारी रखने का फैसला लिया गया, लेकिन इस दौरान बजट पर सामान्य चर्चा सात मार्च को ही होगी। बजट पास कराने के लिए इसी सत्र में सदन 25 से 27 मार्च तक भराड़ीसैंण में ही चलेगा। 25 मार्च को विभागों के बजट पर चर्चा होगी। विपक्ष के कटौती प्रस्ताव इसी दिन स्वीकार किए जाएंगे। 26 मार्च को विभागों के बजट पर चर्चा होने के बाद उन्हें स्वीकृत किया जाएगा।
विज्ञापन


इसी दिन सरकार पूरे बजट को प्रस्तुत कर चर्चा के बाद उसे पास कराएगी।
इससे पहले कार्यमंत्रणा समिति ने सात मार्च तक बजट पारित करने का फैसला किया था। इस पर विपक्ष ने खासा हो हल्ला मचाया था और बजट सत्र बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद इस पर भी विचार हुआ कि होली के बाद दो दिन का सत्र देहरादून में आयोजित कर लिया जाए। लेकिन इसमें तकनीकी अड़चन थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


देहरादून में इसलिए नहीं होगा सत्र
सरकार बजट पास कराए बिना सत्र को समाप्त नहीं कर सकती थी। देहरादून में बजट पास कराने का मतलब होता कि सरकार को भराड़ीसैंण का सत्र समाप्त करना पड़ता और देहरादून में अलग से सत्र आयोजित करना पड़ता। कार्य संचालन नियमावली में स्थान और समय दोनों को लेकर सत्र की घोषणा की व्यवस्था है।

बाहर जश्न का माहौल, सदन में हंगामा

मौसम की आंखमिचौली के बीच सरकार पर ग्रीष्मकालीन राजधानी का जश्न हावी रहा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल समेत भाजपा विधायकों ने जमकर गुलाल खेला। ढोल व दमाऊ पर नाचे गाए।

गैरसैंण के आसपास की महिलाओं ने झोड़ा चांचरी नृत्य से अपनी खुशी का इजहार किया। तो विधायकों ने स्थानीय लोगों के साथ ढोल की थाप पर पांव थिरकाए। इन सब से दूर रहे विपक्ष ने सदन में प्रश्न काल नहीं चलने दिया और सरकार को नियमों व परंपराओं में बांधे रखने की कोशिश की।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बुधवार देर शाम ग्रीष्मकालीन राजधानी की घोषणा की, जिसका असर बृहस्पतिवार सुबह नजर आया। आंदोलनकारियों की गैर मौजूदगी में जगह-जगह चेकिंग से भी लोगों को रियायत मिली। भराड़ीसैंण के विधानमंडल भवन के सामने ढोल दमाऊ की थाप के बीच जश्न का माहौल बन गया। गैरसैंण के आसपास गांव गवाड़ तल्ला, सिलंगी, सिमटी समेत अन्य गांवों से आई महिलाएं जश्न में शामिल हुई।

 मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत यहां पहुंचे तो जोश और उत्साह बढ़ गया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री व भाजपा विधायकों का स्वागत किया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का भी इसी तरह स्वागत हुआ। उत्साह का आलम ये रहा कि नेता फूल मालाओं से लदे सदन में पहुंच गए।

इसके उलट विपक्ष खामोश, जश्न से दूर रहते हुए बैकफुट पर दिखाई दिया। प्रश्न काल की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस के सात विधायक जिला विकास प्राधिकरण पर चर्चा की मांग को लेकर वेल में आ धमके। विपक्ष इसी मुद्दे पर कार्य स्थगन प्रस्ताव भी लेकर आया। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश लगातार पीठ से फैसला करने की मांग करती रही। पीठ पर विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान मौजूद थे। उन्होंने नियम 58 के तहत इस मांग चर्चा करना स्वीकार किया।

इस पर संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक ने वैधानिकता का सवाल उठाया। पूरा प्रश्न काल इसी की भेंट चढ़ गया। मदन कौशिक ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण पर विधानसभा समिति की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी जा चुकी है। इस रिपोर्ट को खारिज किए बिना चर्चा संभव नहीं है। विपक्ष का कहना था कि पीठ चर्चा की मांग को नियम 58 में स्वीकार कर चुकी है। इस पर सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित हो गई। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने नियम 58 के तहत इस मामले पर चर्चा की अनुमति दी।

फूलों की माला पहनकर सदन में पहुंचे सीएम तो विपक्ष ने बताया अपमान

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत फूलों की माला पहने सदन में पहुंचे तो हंगामा हो गया। कांग्रेेस विधायक प्रीतम सिंह ने इसे सदन का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि सदन में सदस्य बैच तक नहीं लगा सकते और नेता सदन फूलों की माला से लदे हुए चले आए।

विधायक देशराज कर्णवाल ने भी फूलों की एक माला पहनी हुई थी। संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सदन में मेज थपथपाना और हंगामा करना भी सदन की परंपरा में नहीं है। लेकिन विपक्ष इन नियमों और परंपराओं को ध्वस्त करता रहा है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। जिससे वह यह मामला उठा रहा है।

सत्ता पक्ष के सदस्यों ने मेजें थपथपा कर किया सम्मान
सत्र शुरू होने के कुछ देर बाद नेता सदन त्रिवेंद्र सिंह रावत सदन में पहुंचे तो सत्ता पक्ष के विधायकों ने मेजें थपथपा कर उनका सम्मान किया। सामान्य रूप से नेता सदन के पहुंचने को सत्ता पक्ष के विधायक खामोशी से स्वीकार करते रहे हैं। मुख्यमंत्री भी कुछ समय तक ही सदन में रहे।

10 विधेयक हुए पारित

-सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय 2019
-उत्तराखंड संयुक्त प्रांत आबकारी संशोधन विधेयक, 2020
-ग्राफिक एरा पर्वतीय विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक
-यूनिर्वसिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेकभनोलाजी रुडकी, विधेयक 2020
-उत्तराखंड उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम संशोधन विधेयक, 2020 
- उत्तराखंड उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम संशोधन विधेयक, 2020 
-उत्तराखंड साक्षी संरक्षण विधेयक, 2020
-उत्तराखंड पंचायतीराज संशोधन विधेयक, 2020
-उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद अधिनियम 1959 संशोधन विधेयक 2020
-उत्तराखंड उपकर संशोधन विधेयक 2020

हंगामे की भेंट चढ़ा प्रश्नकाल

सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही बृहस्पतिवार को विपक्ष के हंगामें की भेंट चढ़ गई। थोड़ा बहुत समय बचा तो शिक्षा से संबंधित मामले उठे। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने सहजता से सवालों के जवाब दिए। पूरक सवालों पर जरूर वे कुछ एक मामलों में असहज हुए।

मंत्री बोले, बच्चे पढ़ रहे स्वच्छता का पाठ

भगवानपुर विधायक ममता राकेश के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि प्रदेश के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में सफाई कर्मचारियों की तैनाती का प्रावधान बहुत पहले खत्म कर दिया गया था। पहले स्कूलों में सफाई कर्मचारी नियुक्त होते थे। ऐसे में बचे हुए सफाई कर्मचारियों का सेवाकाल पूरा हो जाने पर इन पदों को समाप्त किया जा रहा है। मंत्री के मुताबिक केंद्र और प्रदेश सरकार का जोर स्वच्छता पर है और स्कूलों में साफ सफाई कर बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया जाता है। ममता राकेश ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों से सफाई कराना किसी भी तरह से उचित नहीं है।

छात्रों संख्या 25 होगी तो खुलेगा स्कूल

सत्ता पक्ष के विधायक विनोद चमोली ने कहा कि पौड़ी में एक स्कूल छात्र सं या कम होने के कारण बंद हो गया है। वहां 25 अभिभावकों ने ज्ञापन दिया है कि स्कूल बंद न किया जाए। मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि स्कूलों को बंद नहीं किया जा रहा है। स्कूलों को आसपास के स्कूलों में मर्ज किया जा रहा है। सरकार इसका परीक्षण कराएगी। 25 छात्र होंगे तो स्कूल बंद नहीं किया जाएगा।

...तो जिला से बाहर जा सकेंगे अतिथि शिक्षक

सल्ट विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के सवाल पर शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि प्रदेश में 4066 गेस्ट टीचर हैं। सरकार की कोशिश है कि खाली पदों को गेस्ट टीचरों से भरा जाए। इस समय यह व्यवस्था नहीं है कि जिले से बाहर गेस्ट टीचरों को भेजा जाए। जीना का कहना था कि गेस्ट टीचरों को तैनाती जिलों तक ही सीमित कर दिया गया है। इससे कई शिक्षकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षा मंत्री ने इस मांग की समीक्षा करने और व्यवहारिक होने पर व्यवस्था लागू करने का आश्वासन दिया।

सभी माध्यमिक स्कूलों में होगी वर्चुअल क्लास

भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि प्रदेश में 500 स्कूलों में वर्चुअल क्लास शुरू की गई हैं। अल्मोड़ा में 52, बागेश्वर में 10, चमोली में 45, चंपावत में 15, देहरादून में 46, हरिद्वार में 10, नैनीताल में 60, पौड़ी में 81, पिथौरागढ़ में 40, रुद्रप्रयाग में 21, टिहरी में 52, उधमसिंह नगर मेें 36 और उत्तरकाशी में 32 वर्चुअल क्लासरूम हैं। आगे आने वाले समय में सभी माध्यमिक स्कूलों को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed