अनलॉक-1: युवा हो जाएं तैयार, एक हफ्ते में शुरू होगी समूह ग के दो हजार पदों पर आवेदन प्रक्रिया
- अनलॉक-1 में सब कुछ खुलने से चयन आयोग ने की तैयारी
- लॉकडाउन के कारण आयोग ने स्थगित की थी आवेदन प्रक्रिया
विस्तार
अगर आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग समूह ग श्रेणी के खाली पदों की भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया एक सप्ताह में शुरू करेगा। अनलॉक-1 में सब कुछ खुलने से आयोग ने तैयारी कर ली है।
कोरोना संक्रमण व लॉकडाउन के चलते आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया था। समूह ग श्रेणी के पदों की आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी पाने के अवसर मिलेंगे।
प्रदेश में 22 मार्च से लॉकडाउन शुरू होने से चयन आयोग ने 23 मार्च को तीन अलग-अलग विज्ञप्तियों में लगभग 1500 पदों के आवेदन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया था।
दो हजार पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी
इसमें पशुधन प्रसार अधिकारी, प्रदर्शक व निरीक्षक रेशम, जूनियर इंजीनियर सिविल और विभिन्न विभागों में इंटरमीडिएट स्तर के डाडा एंट्री आपरेटर, कनिष्ठ सहायक, सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर भर्ती होनी थी। अनलॉक-1 में साइबर कैफे खुलने से चयन आयोग ने लगभग दो हजार पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है।
लॉकडाउन के दौरान आयोग ने 15 सौ पदों के लिए आवदेन प्रक्रिया स्थगित की थी। इन पदों के साथ अन्य नए पदों के लिए जल्द ही आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अनलॉक-1 में साइबर कैफे भी खुल रह हैं। जिससे उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करने में दिक्कत नहीं होगी।
- संतोष बड़ोनी, सचिव, चयन आयोग