केदारनाथ, बदरीनाथ और मुनस्यारी की चोटियों पर हिमपात, बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में मौसम बदलने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से प्रदेश में ठंड में भी इजाफा हुआ है। बदरीनाथ धाम में कल हल्की बर्फबारी के बाद आज मौसम सुहावना हो गया है। वहीं आज तड़के केदारनाथ धाम की ऊंची पहाड़ियों में भी बर्फबारी होने की सूचना है।
बदरीनाथ धाम से पांच किमी. दूर वसुधारा में रविवार को आधा फिट तक बर्फबारी हुई है। यहां सीजन की पहली बर्फबारी होने से वसुधारा घूमने गये सैलानियों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। बदरीनाथ धाम में रविवार देर रात भी बर्फबारी हुई। बर्फबारी से धाम मे ठंड बड़ गई है।
चमोली जिले में रविवार को दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया था। बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में कहीं कहीं बारिश हुई। इससे धाम में ठंड बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से अलाव की व्यवस्था की गई है।
मुनस्यारी की चोटियों पर भी हिमपात
मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर दूसरे दिन भी हिमपात से निचले इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। रविवार शाम को मुनस्यारी में बारिश के साथ ओले भी गिरे। धारचूला की ऊंची चोटियों पर भी हिमपात हुआ है।
शनिवार देर शाम से ही मुनस्यारी की पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, छिपलाकेदार आदि चोटियों पर बर्फबारी के साथ ही बारिश शुरू हो गई। ताजा हिमपात के बाद चोटियां बर्फ से ढकी नजर आ रही हैं। बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि के साथ ही सर्द हवाएं चलने से निचले इलाकों में ठंड में इजाफा हुआ है।
धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार वहां गुंजी, गर्ब्यांग, नाभी और कालापानी क्षेत्र में शनिवार की देर शाम बर्फबारी हुई। रविवार को जिले के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे हालांकि बारिश नहीं हुई।