नीट रिजल्ट 2019: पिता ने देखा था डॉक्टर बनने का सपना, टॉपर बन अब बेटा करेगा पूरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
19 साल पहले टिहरी के रामपुर क्षेत्र निवासी मनोज जुयाल ने डॉक्टर बनने का सपना देखा था। लेकिन, संसाधनों की कमी उनकी राह का रोड़ा बन गई। अब 19 साल बाद उनके बेटे अमन जुयाल ने नीट में उत्तराखंड में दूसरा स्थान हासिल कर अपने पिता के सपने को पूरा करने की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं।
टिहरी गढ़वाल के रामपुर डूब क्षेत्र निवासी मनोज जुयाल का परिवार विस्थापित क्षेत्र पथरी हरिद्वार में निवास करता है। मनोज राजकीय इंटर कॉलेज कमांद में सहायक अध्यापक के तौर पर सेवारत हैं।
वहीं, उनकी पत्नी अनीता जुयाल प्राइमरी विद्यालय कमांद में बतौर शिक्षिका कार्यरत हैं। मनोज ने बताया कि पढ़ाई करते वक्त वह भी डॉक्टर बनना चाहते थे। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह कोचिंग कर सके।
लेकिन जब बेटे अमन ने राजकीय इंटर कॉलेज कमांद से 94.2 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा पास की तो उनकी आंखों में वर्षों पुराने अपने सपने के पूरे होने की उम्मीद जगने लगी। अमन ने हाईस्कूल में प्रदेश में 12वां और इंटरमीडिएट में 14वां स्थान हासिल किया।
इसके बाद उसने दून में अपनी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू की। अमन ने बताया कि शुरुआत में इंग्लिश मीडियम के कारण कुछ दिक्कत हुई लेकिन शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग ने उसकी राह आसान कर दी।
अमन ने बताया कि विपिन बलूनी समेत अन्य शिक्षकों ने उसे लगातार मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी का नतीजा है कि अमन ने नीट में रिकॉर्ड सफलता हासिल की और संस्थान व अपने परिवार का नाम रोशन किया।