उत्तराखंड: नीट और जेईई परीक्षा को लेकर सरकार और कांग्रेस आमने-सामने
- बच्चों की भविष्य के लिए नीट और जेईई परीक्षा जरूरी: सीएम
- कांग्रेस व विरोधी दलों को सियासत न करने की दी सलाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश को लेकर संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) और मेडिक कॉलेजों के लिए राष्ट्रीय सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर प्रदेश सरकार और कांग्रेस आमने सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने शुक्रवार को इस मसले पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया।
इसके विपरीत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दोनों परीक्षाएं कराए जाने को जरूरी बताया। उन्होंने परीक्षा का विरोध कर रहे सयासी दलों को इस मसले पर सियासत न करने की सलाह दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीट और जेईई परीक्षा कराया जाना बच्चों के भविष्य के लिए जरूरी है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए परीक्षा कराई जा सकती है। ऐसा भी नहीं है कि कोरोना छह या आठ महीने में खत्म हो जाएगा।
सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा होनी चाहिए
इसलिए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा होनी चाहिए। इसके लिए कोविड-19 महामारी की रोकथाम को लेकर जो भी मानक हैं, उनका पालन करते हुए परीक्षाएं कराई जा सकती है। ऐसा राज्य सरकार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में कर चुकी है।
तब एक भी मामला नहीं आया था। पूरी सतर्कता के साथ परीक्षा कराना इसलिए भी जरूरी है कि क्योंकि यह बच्चों के भविष्य से जुड़ा मसला है। उनका एक साल बहुत कीमती है। यह समय विरोध की राजनीति के बारे में सोचने का नहीं है। इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले बच्चे बहुत समझदार हैं। वे देश की क्रीम हैं।
सड़कों पर उतरकर नीट, जेईई परीक्षा का विरोध करेगी कांग्रेस
कोरोना काल में नीट (मेन) और जेईई की परीक्षा आयोजित करने का कांग्रेस ने खुलकर विरोध करने का फैसला लिया है। शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में देहरादून में सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय के सामने प्रदर्शन होगा। जिलों में भी कांग्रेसियों को विरोध जताने को कहा गया है।
कांग्रेस प्रदेेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के मुताबिक कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार लोगों की जान की परवाह किए बिना ही परीक्षा आयोजित कराने पर आमादा है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए भी परीक्षा कराने से संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाएगा।
प्रीतम सिंह ने यह भी कहा कि कोरोना संक्रमण रोक पाने की असफलता छ़ुुपाने के लिए भाजपा सरकार विपक्ष के नेताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमे भी दर्ज करवा रही है। प्रदेश में मानसून के कारण कई जगह बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और लोग परेशान हैं, सरकार कुछ नहीं कर पा रही है।
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि पार्टी की ओर से परीक्षा स्थगित करने और हालात सामान्य होने पर ही आयोजित किए जाने की मांग की जाएगी। उधर, कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि जिलों के पदाधिकारियों को भी किसी केंद्रीय संस्थान के सामने प्रदर्शन करने को कहा गया है।