शिक्षक बनने के लिए करना होगा इंतजार, 12वीं के बाद टीचिंग के लिए इन कोर्स में नहीं मिलेगा दाखिला
अगर आप 12 वीं के बाद सीधे शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हैं तो आपको इंतजार करना होगा। 12वीं के बाद चार वर्षीय इंटिग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) की मान्यता पर फिलहाल राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने रोक लगा दी है।
एनसीटीई की ओर से जल्द ही इसकी नई तिथियां जारी की जाएंगी। एनसीटीई ने बीएड और डीएलएड की जगह चार वर्षीय इंटिग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) शुरू करने की घोषणा की थी। इन कोर्स की मान्यता के लिए 31 दिसंबर तक का समय तय किया गया था।
निजी कॉलेज विरोध में उतरे
एनसीटीई ने साफ किया था कि नए सत्र 2019-20 से यह कोर्स पढ़ाए जाएंगे लेकिन किन्हीं कारणों से इनकी मान्यता प्रक्रिया रोक दी गई है। एनसीटीई ने वेबसाइट पर इसकी सूचना जारी की है। इसके मुताबिक, फिलहाल आईटीईपी कोर्स के लिए मान्यता का आवेदन नहीं कर सकते। इसके लिए विस्तृत सूचना बाद में जारी की जाएगी।
एनसीटीई के चार वर्षीय इंटिग्रेटेड कोर्स के विरोध में देशभर के निजी बीएड कॉलेज भी उतर आए थे। माना जा रहा है कि विवाद बढ़ता देख फिलहाल चार वर्षीय आईटीईपी कोर्स की मान्यता प्रक्रिया रोकी गई है। अब एनसीटीई के अधिकारी बीच का रास्ता तलाश रहे हैं। निजी कॉलेजों को आशंका है कि यह कोर्स आने के बाद बीएड के प्रति रुचि खत्म हो जाएगी।