केंद्रीय विद्यालय संगठन ने जारी की गाइडलाइन, 'दिखाओगे खेलों में दम, तो मिलेंगे अतिरिक्त अंक'
- केंद्रीय विद्यालय संगठन ने जारी की खिलाड़ियों पर अंकवर्षा की गाइडलाइंस
- कक्षा छह से 9वीं और 11वीं में छात्रों को प्रतियोगिताओं के आधार पर मिलेंगे अंक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विभिन्न खेलों में दम दिखाने वाले छात्रों को अब केंद्रीय विद्यालयों में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। इसके लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन ने गाइडलाइंस जारी कर दी है। यह अंक अंतिम परीक्षा परिणाम के अंकों में ही जोड़े जाएंगे। इससे खिलाड़ियों को नुकसान नहीं होगा।
हर साल तमाम छात्र ऐसे हैं जो कि खेलों में मेहनत के चलते पढ़ाई के फोकस से हट जाते हैं। इस वजह से वह खेलों में तो बेहतर कर जाते हैं लेकिन पढ़ाई में कमतर रह जाते हैं। ऐसे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन ने जनवरी में हुई बैठक में प्रोत्साहित करने का फैसला लिया था। इसके तहत अब इसकी पूरी गाइडलाइन तैयार करके सभी केंद्रीय विद्यालयों को भेज दी गई है।
किस खेल पर कितने मिलेंगे अंक
केविएस रीजनल या जिला स्तरीय: इस स्तर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले छात्रों को कोई अतिरिक्त अंक नहीं मिलेगा। मेडल लाने पर अधिकतम तीन विषयों में प्रति विषय दो अंक दिए जाएंगे।
केविएस नेशनल या स्टेट लेवल : इस स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले छात्रों को अधिकतम तीन विषयों में तीन-तीन अंक दिए जाएंगे। इस स्तर पर मेडल जीतने वाले छात्र को तीन विषयों में प्रति विषय चार अंक दिए जाएंगे।
एसजीएफआई गेम्स या खेला इंडिया गेम्स : इस स्तर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले छात्रों को अधिकतम तीन विषयों में पांच-पांच अंक अतिरिक्त मिलेंगे। इसके अलावा मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को अधिकतम तीन विषयों में सात-सात अंक अतिरिक्त दिए जाएंगे।
आईएसएफ-डब्ल्यूएससी या इंटरनेशनल गेम्स : इस स्तर पर खेलने वाले छात्रों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पर ही अधिकतम तीन विषयों में आठ-आठ अंक दिए जाएंगे। मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को अधिकतम तीन विषयों में दस-दस अंक दिए जाएंगे।
कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप, वर्ल्ड चैंपियनशिप, ओलंपिक गेम्स, पैरालंपिक गेम्स: सीधे प्रमोट कर दिया जाएगा।
केंद्रीय विद्यालय संगठन ने बीओजी की 117वीं बैठक में इस पर फैसला लिया था। अब इस फैसले को अमल में लाने के लिए पूरी गाइडलाइन तैयार की गई है। सभी केवि में यह इसी साल से लागू कर दी गई हैं।
-विनोद कुमार, उपायुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून