Jee Main 2019: एनआईटी छोड़कर की तैयारी, अब 99.52 परसेंटाइल किया स्कोर
गत वर्ष जेईई मेन परीक्षा में 13 हजार रैंक हासिल कर एनआईटी में सीट मिलने के बाद नवीन ने सीट छोड़ दी। नए सिरे से तैयारी की। जेईई मेन-1 में 99.52 परसेंटाइल स्कोर किया।
रेसकोर्स (देहरादून) निवासी नवीन सैनी ने इस साल जेईई मेन में 99.52 परसेंटाइल स्कोर किया है।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष 87 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं पास करने के बाद उन्होंने जेईई मेन परीक्षा दी थी। इसमें उन्होंने 13 हजार रैंक हासिल की थी। परीक्षा से उन्हें एनआईटी की सीट भी मिल गई थी, लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया।
उनका सपना आईआईटी में जाने का है। इसलिए उन्होंने दोबारा तैयारी की। नवीन ने फिजिक्स में 99.6, केमिस्ट्री में 99.8, मैथ्स में 96.5 परसेंटाइल हासिल की। उनके शिक्षक एवं अविरल क्लासेज के निदेशक डीके मिश्रा का कहना है कि नवीन शुरू से मेहनती है।
एक गलती से छूटी सिविल इंजीनियरिंग, अब दोबारा पास की परीक्षा
काउंसिलिंग में एक गलती की वजह से गत वर्ष नरेंद्रनगर निवासी सुशील आईआईटी रुड़की में सिविल इंजीनियरिंग में दाखिले से वंचित रह गए थे। इसके बावजूद वह हिम्मत नहीं हारे। उन्होंने नए सिरे से एक साल तक तैयारी की।
इस बार सुशील ने जेईई मेन-1 में 99.18 परसेंटाइल हासिल की है। उन्होंने फिजिक्स में 99.12, केमिस्ट्री में 99.45, मैथ्स में 97.12 परसेंटाइल स्कोर किया है। उनके पिता हर्षपति ठेकेदार हैं।
मां सुनीता गृहिणी हैं। सुशील का कहना है कि उन्हें इस बात का रंज तो था कि जिस आईआईटी में सिविल इंजीनियरिंग के लिए सबसे ज्यादा मारामारी रहती है, वह उससे वंचित रह गए। लेकिन, दोबारा तैयारी में जुटे हैं। इस बार अच्छे आईआईटी में दाखिला पाएंगे।