12वीं पास गरीब छात्रों को आईएएस-पीसीएस की मुफ्त कोचिंग का सुनहरा मौका, 1 मई से होगा चयन
अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के गरीब छात्रों को इस बार आईएएस और पीसीएस के साथ-साथ राज्यस्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की भी मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए उत्तराखंड समाज कल्याण विभाग एक मई से चयन प्रक्रिया शुरू कर रहा है।
तीन साल से सरकार की यह योजना लटकी हुई है। इसके तहत पहले आईएएस और पीसीएस की तैयारी कराई जाती थी। लेकिन, इस वर्ष से समाज कल्याण विभाग आईएएस और पीसीएस के साथ-साथ राज्यस्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की भी कोचिंग कराएगी।
इसके लिए 12वीं पास 300 बच्चों को मुफ्त कोचिंग देने का लक्ष्य रखा गया है। शुक्रवार को समाज कल्याण विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी ने बताया कि इसकी कवायद तेज कर दी है।
अप्रैल में कोचिंग कराने वाले संस्थानों की चयन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। मई में विज्ञापन निकालकर आवेदन प्रक्रिया शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि बच्चों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा।
उम्मीद है अगस्त से पांच माह की कोचिंग शुरू हो जाएगी। निदेशक ने बताया कि पहले कोचिंग का पैसा बच्चों के खातों में जाता था। लेकिन, इस बार निदेशालय, संस्थानों के खातों में पैसा डालेगा।