एचएनबी विवि परीक्षा 2020: परीक्षा के बाद 72 घंटे 'आइसोलेशन' में रहेंगी उत्तर पुस्तिकाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 19 सितंबर से शुरू होने जा रही हैं। विवि ने इसके लिए एसओपी जारी कर दी है। कॉलेजों ने भी इसी हिसाब से तैयारियां तेज कर दी हैं। खास बात यह है कि परीक्षा आयोजित होने के 72 घंटे तक उत्तर पुस्तिकाएं आइसोलेशन में रहेंगी, यानी इस अवधि में उन्हें छूने या पास जाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके बाद ही उनकी जांच हो सकेगी।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना ने बताया कि गढ़वाल विवि की ओर से परीक्षाओं को लेकर काफी सख्त दिशा-निर्देश आए हैं। उन्होंने बताया कि इसके तहत परीक्षा कक्ष में बिना मास्क और सैनिटाइजर एंट्री नहीं दी जाएगी।
अगर थर्मल स्कैनिंग के दौरान किसी छात्र में कोरोना के लक्षण नजर आते हैं तो उसे नजदीकी अस्पताल भेज दिया जाएगा और उसकी परीक्षा का इंतजाम बाद में किया जा सकेगा। दूसरी ओर, कॉलेज चाहेंगे तो ऐसे छात्रों के लिए अलग से आइसोलेशन कक्ष बनाकर परीक्षा करा सकेंगे। इसके अलावा अगर किसी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी को परीक्षा के दौरान कोरोना के लक्षण वाला पाया जाता है तो उसे भी तत्काल आइसोलेशन कक्ष में ले जाना होगा।
बुजुर्ग और गर्भवती कर्मचारियों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी
कोई भी बुजुर्ग, गर्भवती कर्मचारी परीक्षा कक्ष में ड्यूटी पर नहीं लगाया जाएगा। छात्र, शिक्षक व कर्मचारियों को खुद के स्वस्थ होने का घोषणापत्र देना होगा। प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका बांटने से पहले परीक्षा कक्ष में ड्यूटी देने वाले शिक्षक को अपने हाथों को सैनिटाइज करना होगा। इसी तरह उत्तर पुस्तिकाएं एकत्र करने से पहले भी सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया होगी। उत्तर पुस्तिकाएं सील होने के 72 घंटे बाद ही परीक्षक उन्हें जांच सकेंगे।
कॉलेजों ने की बैठक, होगा नियमों का पालन
राजधानी के कॉलेजों ने गढ़वाल विवि की परीक्षाओं के लिए बैठक की है। इसके तहत तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। एसजीआरआर पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. वीए बौड़ाई ने बताया कि विवि के नियमों के मुताबिक हर तरह की एहतियात बरती जाएगी। डीएवी कॉलेज प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना ने बताया कि छात्रों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया जाएगा। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि अगर वह स्वस्थ नहीं हैं तो परीक्षा देने न आएं। विवि ऐसे छात्रों को बाद में परीक्षा कराने की सुविधा की घोषणा कर चुका है।