गढ़वाल केंद्रीय विवि की 10 सितंबर से होने वाली परीक्षा स्थगित, जारी होगी नई तिथि
- 10 सितंबर से होनी थी परीक्षा, कोरोना संक्रमण को देखते हुए लिया गया फैसला
- अब परीक्षा से 15 दिन पूर्व घोषित होगी तिथि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि में 10 सितंबर से प्रस्तावित परीक्षा एक बार फिर टल गई हैं। विवि के अनुसार, आगामी परीक्षा कार्यक्रम परीक्षा शुरू होने से 15 दिन पूर्व घोषित किया जाएगा।
कोरोना संक्रमण के चलते इस बार विवि और संबद्ध महाविद्यालयों व शिक्षण संस्थानों में सिर्फ स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। अन्य सेमेस्टर (इंटरमीडिएट सेमेस्टर) में इंटरनल असेसमेंट व पिछले अंकों के आधार पर प्रमोट किया जा रहा है।
पूर्व में विवि ने जुलाई से परीक्षा तय की थी, लेकिन इसके बाद एक सितंबर से परीक्षा शुरू करने का निर्णय लिया। उसके बाद 10 सितंबर से परीक्षा शुरू कराने की बात कही गई, लेकिन विवि के छात्र नेता वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए परीक्षाओं के विरोध करते हुए परीक्षा स्थगित करने का दबाव बनाए हुए थे।
इसे देखते हुए मंगलवार को कुलपति सचिवालय में कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल की अध्यक्षता में परीक्षा कार्यक्रम के संबंध में बैठक हुई। बैठक में कहा गया कि वर्तमान में श्रीनगर व कीर्तिनगर समेत राज्य में कोरोना का प्रसार हो रहा है।
साथ ही यह भी आकलन किया जाए कि छात्रों के लिए व्यवस्थाएं किस प्रकार होगी। चर्चा के बाद 10 सितंबर से प्रस्तावित परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया। कुलसचिव प्रो. एनएस पंवार ने बताया कि नया परीक्षा कार्यक्रम परीक्षा शुरू होने से 15 दिन पूर्व घोषित कर दिया जाएगा।
बैठक में परीक्षा नियंत्रक प्रो. आरसी भट्ट, डीएसडब्लू प्रो. पीएस राणा, मुख्य नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा, पीआरओ आशुतोष बहुगुणा और उपकुलसचिव (परीक्षा) अनीस आदि मौजूद थे।