अच्छी खबर: समूह ‘ग’ का फॉर्म भरने के लिए एक ही बार करना होगा रजिस्ट्रेशन, मिलेगी ये सुविधा
समूह ‘ग’ पदों की भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को एक बार ही पंजीकरण करना होगा। इससे अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन पत्र को चुटकी में भर सकेंगे। एक आवेदन पत्र को भरने में लगने वाला 80 प्रतिशत समय कम हो जाएगा। एक जून से चयन आयोग की वेबसाइट पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आयोग ने कॉमन सर्विस सेंटर के लिए ओटीआर और आवेदन पत्र भरने की फीस भी निर्धारित की है। बुधवार को आयोग के अध्यक्ष एस. राजू ने ओटीआर का शुभारंभ किया।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भर्ती आवेदन प्रक्रिया को आसान किया है। इससे आवेदन पत्रों में होने वाली त्रुटियों की संभावना नहीं रहेगी। वहीं, अभ्यर्थियों को एक से अधिक बार आवेदन पत्र भरने के लिए व्यक्तिगत, शैक्षिक योग्यता, अनुभव, पासपोर्ट फोटो, अंगूठे का निशान, हस्ताक्षर समेत तमाम जानकारी नहीं भरनी पड़ेंगी। एक बार पंजीकरण करने से अभ्यर्थी जब भी ऑनलाइन आवेदन पत्र भरेगा तो ओटीआर में उपलब्ध जानकरी आवेदन में स्वयं ही आ जाएगी।
इससे अभ्यर्थी को प्रत्येक आवेदन पत्र में 75-80 प्रतिशत जानकारी बार-बार नहीं भरनी पड़ेगी। फोटो व हस्ताक्षर भी कई बार स्कैन कराकर अपलोड नहीं करने होंगे। आयोग का मानना है कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन से खास तौर पर प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरने में आसानी होगी।
ओटीआर व आवेदन पत्र भरने की फीस निर्धारि
जहां पर इंटरनेट कनेक्टीविटी की समस्या रहती है। आवेदन पत्र भरने में होने वाला खर्च भी कम होगा। चयन आयोग की वेबसाइट पर एक जून से वन टाइम रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। ओटीआर में संशोधित करने के साथ ही शैक्षिक, व्यावसायिक और अन्य अर्हता जोड़ने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
चयन आयोग ने आवदेन पत्र भरने के लिए प्रदेश में स्थापित कॉमन सर्विस सेंटरों को अधिकृत किया है। यदि कोई अभ्यर्थी स्वयं ऑनलाइन आवेदन पत्र नहीं भर सकता है तो वे सीएससी में जानकार ओटीआर व आवेदन पत्र भर सकते हैं।
वन टाइम रजिस्ट्रेशन के लिए 60 रुपये और आवेदन पत्र भरने के लिए 20 रुपये प्रति अभ्यर्थी फीस निर्धारित की गई। वर्तमान में प्रदेश में 5837 सीएचसी हैं, जो ई-वालेट का उपयोग कर रहे हैं।
ऐसे करें पंजीकरण
आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in को खोलें। यहां वन टाइम रजिस्ट्रेशन के लिए ओटीआर का लिंक दिया गया है। पंजीकरण में मांगी गई जानकारी को सही ढंग से भरना होगा। इसमें अभ्यर्थी को मोबाइल नंबर व ई-मेल अनिवार्य रूप से देना होगा। यदि किसी अभ्यर्थी को ओटीआर भरने में दिक्कतें आती है तो टोल फ्री नंबर 6399990138, 6399990139, 6399990140 व 6399990141 पर जानकारी ले सकते हैं। उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को इस नंबर को डायल करने के उपरांत दो दबाना होगा।
ओटीआर से आवेदन पत्र भरने में कम खर्च और समय दोनों की बचत होगी। वहीं, अभ्यर्थी आसानी से ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकेंगे। एक बार पंजीकरण करने से अभ्यर्थी रिक्त पदों के लिए जितनी बार भी आवेदन करेगा। उन्हें आवेदन पत्र में 20 प्रतिशत जानकारी ही भरनी होगी। बाकी जानकारी स्वयं ही आवेदन पत्र में आ जाएगी।
-संतोष बडोनी, सचिव, चयन आयोग
नोट: (आप इस खबर के बारे में और क्या जानना चाहते हैं कमेंट करके पूछ सकते हैं। )