कोरोना: श्रीदेव सुमन-गढ़वाल विवि और बोर्डिंग स्कूल बंद, ओपन बोर्ड-सीआईएससीई की परीक्षाएं भी स्थगित
- अभी तक स्थगित नहीं हुई उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं
- सरकारी और प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल 31 तक बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना वाइरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए श्रीदेव सुमन विवि का मुख्यालय 31 मार्च तक और एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि के प्रशासनिक भवन और तीनों परिसरों को 25 मार्च तक के लिए बंद रहेंगे।
श्रीदेव सुमन विवि की ऋषिकेश परिसर में चल रहा केंद्रीय मूल्यांकन कार्य भी स्थगित किया गया है। हालांकि इस दौरान विवि के मुख्य कार्य ही निपटाए जाएंगे। श्रीदेव सुमन विवि बादशाहीथौल में हर दिन बड़ी तादाद में छात्र-छात्राओं का आवागमन लगा रहता है, जिससे कोरोना वाइरस फैलने के खतरे से बचने के लिए विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने 31 मार्च तक विवि को बंद रखने का निर्णय लिया है।
उधर, केंद्रीय गढ़वाल विवि के कुलसचिव डा. एके झा ने बताया कि विवि में फिलहाल अवकाश करने का फैसला लिया गया है। शिक्षकों को सलाह दी गई है कि अपनी कक्षाएं ऑन लाइन प्लेटफार्म मेें चलाएं। विवि में आवश्यक सेवाओं से जुड़े सुरक्षा, विद्युत, मेंटीनेंस और परीक्षा से जुड़े कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे। बाहरी लोगों के विवि परिसर व कैंपस में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है।
प्रदेश के सरकारी और प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल 31 तक बंद
प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए सभी सरकारी और प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल 31 मार्च तक बंद रहेंगे। बृहस्पतिवार को शासन ने इसका आदेश जारी किया है। जबकि डे स्कूलों को पहले ही बंद कर दिया गया था।
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए शासन ने आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को पूर्व मूल्यांकन के आधार पर पास करने के आदेश दिए थे। जबकि समस्त डे स्कूलों को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया था। बोर्डिंग स्कूल पहले की तरह चल रहे थे। बृहस्पतिवार को शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने आदेश जारी करके समस्त सरकारी और प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल 31 मार्च तक बंद रहेंगे।
ओपन बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित
देशभर में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण के चलते राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान(एनआईओएस) ने परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। अब समीक्षा के बाद दोबारा सभी परीक्षाओं की तिथियां जारी की जाएंगी।
एनआईओएस के क्षेत्रीय निदेशक एसके तंवर के मुताबिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक की 19 से 31 मार्च के बीच होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। 19 से 30 मार्च के बीच होने वाली ऑन डिमांड परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।
माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक की 24 से 31 मार्च के बीच होने वाली सिद्धांत परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। इसके अलावा सभी विदेशी छात्रों की परीक्षाएं पहले ही स्थगित की जा चुकी हैं। अब एनआईओएस के स्तर पर समीक्षा करने के बाद सभी की नई तिथियां जारी की जाएंगी।
सीआईएससीई की परीक्षाएं स्थगित
देशभर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने 10वीं (आईसीएसई) और 12वीं (आईएससी) की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। काउंसिल ने बृहस्पतिवार को इसका आदेश जारी कर दिया है।
काउंसिल के चीफ एग्जीक्यूटिव गैरी अरॉथन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, बच्चों की हिफाजत के मद्देनजर 19 से 31 मार्च तक होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। 10वीं की परीक्षाएं 30 मार्च और 12वीं की परीक्षाएं 31 मार्च को संपन्न होनी थी। अब काउंसिल की ओर से इनकी नई तिथियां जारी की जाएंगी।
उत्तराखंड बोर्ड : अभी तक स्थगित नहीं हुई परीक्षाएं
कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते भले ही देश भर में सीबीएसई-जेईई की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हों, लेकिन उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (उत्तराखंड बोर्ड) ने अभी तक हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं नहीं टाली हैं। उत्तराखंड में अभी बोर्ड अधिकारियों की बैठकों का दौर चल रहा है, लेकिन परीक्षाएं टालने का कोई फैसला नहीं लिया गया है।
उत्तराखंड में हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं 25 मार्च को खत्म होनी हैं। परीक्षाएं अंतिम दौर में चल रही हैं। देशभर में एहतियातन सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं, लेकिन उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षाओं को स्थगित करने की अभी तक घोषणा नहीं की गई है। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार इस संबंध में लगातार बैठकें चल रही हैं और वह उच्चाधिकारियों के संपर्क हैं।
हाईस्कूल-इंटर के इन विषयों के होने हैं पेपर
इंटरमीडिएट
20 मार्च - सैन्य विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, कृषि अभियंत्रण, कृषि पशुपालन।
21 मार्च - गणित और समाजशास्त्र।
23 मार्च - संस्कृत, उर्दू, पंजाबी।
24 मार्च - जीव विज्ञान, कृषि गणित, प्रारंभिक सांख्यिकी, कृषि रसायन विज्ञान।
25 मार्च - भूगोल, भूगर्भ विज्ञान।
हाईस्कूल
20 मार्च - गृह विज्ञान
23 मार्च - गणित
24 मार्च - उर्दू
25 मार्च - पंजाबी, बंगाली, संस्कृत
आदेश मिलने पर परीक्षा होगी स्थगित
अभी बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित नहीं किया है। परीक्षाओं को स्थगित करने को लेकर उच्चाधिकारियों से वार्ता चल रही है। यदि परीक्षा स्थगित करने का निर्देश मिलेगा तो उस पर अमल किया जाएगा।
- डॉ. नीता तिवारी, सचिव, उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद