छात्रों के लिए जरूरी खबर, CISCE ने बदला आठवीं तक का पूरा सिलेबस
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने आठवीं तक का पूरा सिलेबस बदल दिया है। लंबे समय बाद काउंसिल ने इतने बड़े पैमाने पर सिलेबस में परिवर्तन किया है।
काउंसिल के मुताबिक यह बदलाव छात्रों का बेस मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। नया सिलेबस कक्षा एक से आठवीं तक वर्ष 2018 से लागू माना जाएगा। इसके लागू करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसके तहत बीते दिनों यूपी और उत्तराखंड के स्कूल प्रिंसिपल्स की बैठक वाराणसी में हुई थी। बैठक में काउंसिल के सचिव गैरी अराथन ने नए सिलेबस की तैयारियां पूरी तरह से करने की बात कही थी।
इस दौरान गैरी ने सभी प्रकार की आशंकाओं के बाबत सीधे काउंसिल से संपर्क करने को कहा था। गैरी के अनुसार काउंसिल का मकसद 10वीं और 12वीं के लिए बच्चों का बेस मजबूत करना है।
इस साल जो छात्र काउंसिल के स्कूलों में दाखिला लेंगे, उन्हें पढ़ने के लिए यह सिलेबस मिलेगा। जो छात्र पहले से कक्षा एक से आठवीं के बीच पढ़ रहे होंगे, उनका भी नई कक्षा का सिलेबस नया होगा।
आमतौर पर यह माना जाता रहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में आकर काउंसिल के छात्र पिछड़ जाते हैं। काउंसिल का मानना है कि अगर छात्र आठवीं तक सही तरीके से पढ़ाई कर लेगा तो उसे 10वीं और 12वीं में किसी भी तरह का तनाव नहीं रहेगा।