CBSE ने लागू किया नया नियम, अब रिजल्ट के एक साल के अंदर सुधारें गलती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
10वीं की मार्कशीट में गलत नाम या जन्मतिथि में सुधार अब एक वर्ष के भीतर ही कराया जा सकेगा। इससे अधिक का समय हुआ तो इस तरह की त्रुटियों में कोई बदलाव नहीं हो पाएगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 2017 की परीक्षाओं से यह नियम लागू कर दिया है।
10वीं के छात्रों को अब रिजल्ट जारी होने के एक वर्ष के भीतर ही अपने सर्टिफिकेट पर अंकित जन्मतिथि, नाम, पिता का नाम की त्रुटियां दूर कराने का मौका मिलेगा। सीबीएसई ने इसका सर्कुलर जारी किया है।
पहले सीबीएसई से जुड़े 10वीं के छात्र नतीजा घोषित होने के पांच वर्ष बाद तक सर्टिफिकेट में नाम, जन्मतिथि, पिता का नाम आदि में बदलाव करा सकते थे। लेकिन अब वह ऐसा नहीं कर सकते हैं। सीबीएसई ने किसी भी तरह के बदलाव के लिए आवेदन की मियाद एक वर्ष कर दी है।
2017 में होने वाली 10वीं बोर्ड की परीक्षा से प्रभावी हो गया है बदला नियम
सीबीएसई ने इस संबंध में सभी स्कूलों और संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों को हिदायत दी है। बदला नियम 2017 में होने वाली 10वीं बोर्ड की परीक्षा से प्रभावी हो गया है।
जन्मतिथि और अन्य जरूरी तथ्यों, मसलन छात्र व पिता के नाम इत्यादि की जांच तीन स्तरों पर की जाएगी। पहले स्कूल ही छात्र के नाम और जन्मतिथि की जांच करेगा।
फिर क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर इसका मिलान होगा। आखिर में बोर्ड जांच करेगा। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होती है तो जवाबदेह लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
नामांकन के दौरान गलती करने वाले शिक्षकों पर भी जांच के दौरान कार्रवाई की जा सकती है। सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी रणबीर सिंह ने बताया कि इस बार की बोर्ड परीक्षाओं से ही यह नियम लागू माना जाएगा।