1217 अभयर्थियों ने दी समूह ‘ग’की परीक्षा, इस तारीख तक कर सकेंगे आपत्तियां दर्ज
समूह ‘ग’ श्रेणी के लिए विभिन्न विभागों में 73 रिक्त पदों की सीधी भर्ती के लिए 2655 में 1217 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1438 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कई परीक्षार्थी प्रवेशपत्र डाउनलोड करने के बाद भी परीक्षा देने नहीं आए।
परीक्षा संपन्न होने के बाद चयन आयोग ने आंसर की वेबसाइट पर जारी कर आपत्तियां दर्ज करने के लिए 30 अप्रैल तक समय दिया है।अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से रविवार को प्रावधिक शिक्षा विभाग, उत्तराखंड जलविद्युत निगग और उच्च शिक्षा निदेशालय में पुस्तकालयाध्यक्ष, सहायक लाइब्रेरियन, पुस्तकालय लिपिक के 73 पदों की लिखित परीक्षा ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में कराई गई।
प्रथम पाली में सुबह 10 से 12 बजे पुस्तकालयाध्यक्ष व सहायक लाइब्रेरियन के 48 पदों की परीक्षा ली गई। जिसमें कुल 1564 अभ्यर्थियों में से 741 ही उपस्थित हुए। जबकि आयोग की वेबसाइट से 1269 अभ्यर्थियों ने प्रवेश पत्र डाउनलोड किया। वहीं, द्वितीय पाली में 2 से 4 बजे से पुस्तकालय लिपिक के 25 रिक्त पदों की परीक्षा में 1091 अभ्यर्थियों में से 486 ने भाग लिया। परीक्षा में पारदर्शिता व गड़बड़ी रोकने के लिए अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक हाजिरी ली गई।
आयोग की ओर से 73 रिक्त पदों की लिखित परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति कम रही। आयोग ने परीक्षा खत्म होने के बाद प्रश्न पुस्तिका के चारों सेट की आंसर-की जारी कर दी है। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रश्न व उनके उत्तर पर किसी प्रकार की कोई आपत्ति है तो वे 30 अप्रैल तक दर्ज कर सकते हैं।
-संतोष बडोनी, सचिव, चयन आयोग